हिमाचल में दर्दनाक हादसा: छोटे भाई को बचाने गहरे पानी में कूदा बड़ा भाई, खड्ड में डूबने से दोनों मासूमों की मौत

0 17

 

Himachal Pradesh के Sirmaur district से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के संगड़ाह उपमंडल में दो सगे मासूम भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छोटे भाई को बचाने के प्रयास में बड़ा भाई भी गहरे पानी में समा गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना नौहराधार तहसील के देवामानल गांव की है। दोनों बच्चे गांव के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

छोटे भाई को डूबता देख तुरंत पानी में कूद गया अभिनव

मिली जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय आयन और उसका बड़ा भाई 9 वर्षीय अभिनव खड्ड के पास खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय आयन का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।

छोटे भाई को डूबता देख अभिनव बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। लेकिन पानी काफी गहरा होने की वजह से दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूब गए।

परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक जा चुकी थी दोनों की जान

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

इसके बाद दोनों बच्चों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

एक ही परिवार के दो मासूम बेटों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा विशेष सावधानी

प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के पास जाते समय विशेष सतर्कता बरतें, क्योंकि लगातार बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.