तमिलनाडु के वालपारई में दर्दनाक हादसा: पर्यटकों से भरी वैन खाई में गिरी, 10 की मौत, कई गंभीर

0 106

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपारई में एक भीषण सड़क हादसे ने सन्नाटा पसार दिया। पर्यटकों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर घाटी में गिर गई, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय वाहन में करीब 20 यात्री सवार थे, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हेयरपिन मोड़ पर बेकाबू हुई गाड़ी

यह हादसा वालपारई-पोल्लाची घाट रोड पर 13वें हेयरपिन मोड़ के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, तीखे मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन फिसलते हुए नीचे की ओर लुढ़कती चली गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी 13वें मोड़ से फिसलकर 9वें मोड़ तक जा पहुंची, जिससे टक्कर बेहद भयावह हो गई।

केरल के मलप्पुरम से आए थे सभी पर्यटक

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वैन केरल में पंजीकृत थी और उसमें सवार सभी यात्री मलप्पुरम के निवासी थे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी एक ही परिवार से जुड़े थे या आपस में दोस्त या परिचित थे।

घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।

वैन के उड़े परखच्चे, मौके पर मचा हड़कंप

हादसा इतना भयानक था कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत टीम तुरंत पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। कई शव सड़क पर बिखरे हुए पाए गए, जिसने घटना की भयावहता को और बढ़ा दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.