पंजाब के फाजिल्का में दर्दनाक सड़क हादसा: ब्रेक फेल कार की टक्कर से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

0 382

अबोहर के हनुमानगढ़ रोड स्थित ओवरब्रिज से उतरते समय तेज रफ्तार कार रोटरी चौक से जा टकराई, जिससे कार में सवार पांच युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

रात एक बजे हुआ हादसा, ब्रेक फेल होने की आशंका
जानकारी के मुताबिक दुर्घटना रविवार देर रात करीब एक बजे हुई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक दोस्त शामिल हैं, जो बलुवाना गांव के रहने वाले थे। कार में सवार दो अन्य युवक भी उसी गांव के निवासी हैं, जिन्हें गंभीर हालत में रेफर किया गया है।

काम से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सभी युवक कीनू के बाग के ठेके का काम करते थे और रात को काम खत्म कर गांव लौट रहे थे। ओवरब्रिज से उतरते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई और रोटरी चौक से जोरदार टक्कर हो गई।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसा होते ही आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों को कार से निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाकर जांच शुरू कर दी।

परिवारों में मातम, जांच जारी
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तकनीकी कारणों की भी पड़ताल की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.