केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कालका से शिमला तक नई ट्रेन के संचालन का वीडियो किया साझा, यह रहेगा शेड्यूल

0 627

शिमला: ट्रेन से हिमाचल प्रदेश में शिमला की खूबसूरत वादियों को निहारना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कालका से शिमला तक नई ट्रेन के संचालन का वीडियो साझा किया है. उन्होंने लिखा है कि लाल रंग की नई ट्रेन हिमाचल प्रदेश जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान पहाड़ी राज्य की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अनुभव प्रदान करेगी.

28 फरवरी तक संचालित होगी स्पेशल ट्रेनें
शिमला रेलवे स्टेशन अधीक्षक संजय घेरा ने बताया कि उत्तर रेलवे ने नए साल के अवसर और सर्दी के मौसम को देखते हुए यूनेस्को की विश्व धरोहर शिमला- कालका नैरो गेज रेलवे लाइन पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की थी. उन्होंने बताया कि 28 फरवरी, 2025 तक इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक ट्रेन से पहाड़ों की खूबसूरती को निहारते हुए अपने सफर को यादगार बना सकें.

यह रहेगा शेड्यूल
उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 52443 (KLK- SML) सुबह 8:05 बजे कालका से रवाना होकर दोपहर 01:35 बजे शिमला पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 52444 शिमला से शाम 04:50 बजे रवाना होकर रात 09:45 बजे कालका पहुंचेगी.

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
स्टेशन मास्टर संजय ने कहा कि ये स्पेशल ट्रेनें न केवल पर्यटन को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी इजाफा होगा. उन्होंने बताया कि ट्रेन से पहाड़ों की वादियों में सफर का अपना ही अलग अनुभव रहता है. यात्रियों को सफर के दौरान करीब से पहाड़ों की खूबसूरती को निहारने का अवसर मिलता है.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.