UP में सिलेंडर ब्लास्ट से भरभराकर ढहा मकान, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

0 32

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मालवा थाना क्षेत्र के एक कस्बे में सोमवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से एक मकान ढह गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीम के साथ मलबा हटाने में जुटे हैं।

खाना बनाते समय हुआ सिलेंडर ब्लास्ट

बताया गया है कि हादसा उस समय हुआ, जब घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया और मकान ढह गया। हादसे के वक्त घर में कितने लोग मौजूद थे, इसकी अभी जानकारी सामने नहीं आई है। सिलेंडर किस वजह से फटा, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश

मकान गिरने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे को हटाने का काम शुरू कराया गया। पुलिस बल के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। रेस्क्यू टीम मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।

CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं और किसी के हताहत होने की स्थिति क्या है, इसकी जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.