UP International Trade Show 2026 का आज आगाज! अमित शाह करेंगे उद्घाटन, 85 देशों के खरीदार और 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल, ट्रैफिक भी बदलेगा

0 24

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में शुक्रवार से उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े व्यापार मेले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण की शुरुआत होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत करेंगे। आयोजन के दौरान 20 से अधिक वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना है।

अमित शाह सुबह 11:15 बजे हेलीकॉप्टर से इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे और दोपहर 1:15 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इस दौरान वह लोगों और कारोबारियों को संबोधित करने के साथ ट्रेड शो का भ्रमण भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब पांच घंटे तक ट्रेड शो में मौजूद रहेंगे।

पांच दिन तक चलने वाले ट्रेड शो की इस बार की थीम ‘यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ, इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपोर्ट्स’ रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक, इसमें 85 से ज्यादा देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत बीटूबी खरीदार और 4.50 लाख से ज्यादा सामान्य खरीदार शामिल होंगे। एक्सपो मार्ट के 16 हॉल में 2,400 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं।

वियतनाम, जापान समेत छह देश होंगे साझेदार

इस बार वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस को साझेदार देशों के रूप में शामिल किया गया है। साझेदार देशों के लिए अलग-अलग प्रदर्शनी क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।

वियतनाम और जापान के लिए 54-54 वर्गमीटर, सिंगापुर और रूस के लिए 36-36 वर्गमीटर तथा ऑस्ट्रिया के लिए 54 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र तय किया गया है। इन पांच देशों के लिए प्रस्तावित सूची में कुल 36 प्रदर्शक और 100 खरीदार शामिल हैं। बेलारूस को भी साझेदार देश बनाया गया है।

ट्रेड शो में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए व्यापार, उद्योग, निर्यात और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

21 नॉलेज सेशन और 25 सांस्कृतिक कार्यक्रम

ट्रेड शो के दौरान 21 नॉलेज सेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्लॉट भी तय किए गए हैं। उद्घाटन समारोह 25 सितंबर की सुबह होगा, जबकि 29 सितंबर को समापन और पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का पहला संस्करण वर्ष 2023 में आयोजित हुआ था। इसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। पहले संस्करण में 60 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई रास्तों पर डायवर्जन

ट्रेड शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। वीवीआईपी के आने-जाने के दौरान ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आयोजन स्थल के आसपास कुछ समय के लिए वाहनों को रोका भी जा सकता है।

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र के मुताबिक, चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी और कालिंदी कुंज की तरफ से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को डीएससी रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड के जरिए सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा।

सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सर्विस रोड से डीएससी रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

आगरा से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को जेवर टोल से आगे जेवर कस्बे की ओर उतारकर साबौता अंडरपास, खुर्जा बाइपास और जहांगीपुर होते हुए निकाला जाएगा। इसके अलावा वाहनों को सेक्टर-151 की तरफ डबल सर्विस रोड से नोएडा की ओर भेजने की व्यवस्था भी रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.