यूपी MLC चुनाव 2026: गौतमबुद्ध नगर में शिक्षक सीट पर ज्यादा मतदान, दोपहर 2 बजे तक 38.72% वोटिंग

0 22

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार को मेरठ खंड की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। दोपहर 2 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 38.72 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 26.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले में मतदान के लिए 13 केंद्रों पर 42 बूथ बनाए गए हैं। दोनों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

दोपहर 12 बजे के बाद बढ़ा मतदान का आंकड़ा

जिला प्रशासन के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 22.29 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 17.82 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 2 बजे तक दोनों सीटों पर मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान की रफ्तार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आगे रही।

25,858 मतदाताओं के हाथ में 18 प्रत्याशियों का भविष्य

गौतमबुद्ध नगर में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 25,858 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 13,104 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 12,754 मतदाता शामिल हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए जिले में 13 मतदान केंद्रों पर 42 बूथ तैयार किए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान से एक दिन पहले ही अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंच गई थीं। चुनाव में मतदाता बैलेट पेपर के माध्यम से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लिया सुरक्षा का जायजा

विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ग्रेटर नोएडा जोन के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और पुलिस बल को सतर्कता, मुस्तैदी और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगातार कर रहे निगरानी

मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। ये अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारी भी पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्रों पर आवश्यक निर्वाचन सामग्री और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाताओं को वोट डालने में किसी तरह की परेशानी न हो।

मतदान संबंधी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

जिला प्रशासन ने मतदान से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0102-02978702 जारी किया है। मतदाता और अन्य संबंधित लोग इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। मतदान समाप्त होने के बाद दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणामों पर सबकी नजर रहेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.