UP Weather: यूपी में दो दिन बदलेगा मौसम, पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार; सुबह कोहरा बढ़ाएगा मुश्किल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता कम रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में 14 और 15 नवंबर को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम फिर शुष्क रहने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर की सुबह निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके बीच उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरा छा सकता है। लखनऊ और वाराणसी में अगले दो से तीन दिनों के दौरान दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दृश्यता 200 से 800 मीटर के बीच रह सकती है।
पश्चिमी यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और बिजनौर में आज एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।
इसके बाद 16 नवंबर को प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है। 18 और 19 नवंबर को भी मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं।
अगले सात दिनों में गिरेगा अधिकतम तापमान
तापमान को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बुलंदशहर में धुंध के साथ प्रदूषण बढ़ा, AQI 279 पर पहुंचा
बुलंदशहर में ठंड बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक हो गया है। शुक्रवार सुबह शहर के आसमान में धुंध छाई रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 279 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
हवा में मौजूद प्रदूषक कणों के कारण सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में गिरावट के चलते धूल और धुएं के सूक्ष्म कण वायुमंडल की निचली सतह पर जमा हो रहे हैं। इससे सुबह के समय स्मॉग जैसी स्थिति बन रही है। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारीपन महसूस हो रहा है।