UP Weather: यूपी के 10 जिलों में आज बारिश और गरज-चमक के आसार, अगले तीन दिन बढ़ेगा कोहरा; 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

0 16

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को पश्चिमी यूपी के करीब 10 जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं, अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी आशंका है। इससे सुबह और रात के वक्त ठंड का एहसास बढ़ेगा।

तीन दिन में बढ़ेगी ठंड, तापमान में गिरावट के संकेत

राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिन के समय धूप खिली रही, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक महसूस हुई। सुबह हवा की रफ्तार 7 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि दोपहर में यह बढ़कर 18 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। हवा में नमी का स्तर 92 प्रतिशत रहने से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। शाम होते-होते हल्की ठिठुरन भी बढ़ गई।

सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में पारे में और गिरावट की संभावना है।

पश्चिमी यूपी के 10 जिलों में बारिश का अनुमान

मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। मेरठ, मुरादाबाद, शामली और पीलीभीत समेत करीब 10 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

हालांकि, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन इलाकों में भी सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

मेरठ में सबसे कम रहा तापमान, झांसी सबसे गर्म

प्रदेश के अलग-अलग शहरों में तापमान में अंतर दर्ज किया गया। सोमवार को झांसी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। वहीं, मेरठ में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

  • कानपुर: अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस
  • बरेली: अधिकतम 26.2 और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस
  • नजीबाबाद: अधिकतम 26.5 और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस
  • मेरठ: अधिकतम 27.4 और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस

मौसम में इस बदलाव के साथ प्रदेश के लोगों को सुबह-शाम बढ़ती ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.