UP Weather: यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के बाद गिरेगा तापमान; गर्मी से राहत के आसार

0 17

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अभी गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन जल्द ही मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत के साथ हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी।

तीन दिन बादल और बारिश के आसार

यूपी से मानसून की विदाई के बावजूद बुधवार से तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश हो सकती है।

इस दौरान अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हवा का रुख भी बदल सकता है और पछिया हवा के बाद पुरवा चलने के आसार हैं।

31 से 34 डिग्री के बीच रहेगा दिन का तापमान

मौसम सेवा केंद्र के अधिकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल घने हो रहे हैं। इसके चलते कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसका सीधा असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा।

अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चली।

सुबह-शाम ठंडक, दोपहर में तेज धूप

यूपी में मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह और शाम के समय हवा चलने से हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 7 से 11 अक्टूबर तक के पूर्वानुमान में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की वर्षा की संभावना जताई है।

पश्चिमी यूपी में भी मौसम के तेवर लगातार बदल रहे हैं। मंगलवार सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही रही और मौसम कुछ सुहावना नजर आया, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। इसके बाद उमस और गर्मी का असर बढ़ गया।

जल्द शुरू होगी पारे में गिरावट

दोपहर की तेज धूप के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर लोग गर्मी से परेशान नजर आए। पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे दोपहर की गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने लगेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.