UP Weather Alert: यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 6 दिन गरज-चमक के साथ बारिश; 21-22 जुलाई को भारी वर्षा के संकेत
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाए और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 21 और 22 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश होने के भी संकेत दिए गए हैं।
पूर्वी यूपी में झमाझम बारिश, पश्चिमी हिस्सों में बूंदाबांदी
शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे के बाद प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। पूर्वी उत्तर प्रदेश में देर शाम तक कई दौर की बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाने के बाद कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके साथ ही मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल गए हैं।
बारिश के बावजूद उमस से नहीं मिली पूरी राहत
प्रदेश में पिछले कई दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। शुक्रवार सुबह वातावरण में नमी का स्तर करीब 74 प्रतिशत दर्ज किया गया। दोपहर बाद बारिश होने से कुछ समय के लिए मौसम सुहाना हुआ, लेकिन शाम तक उमस बढ़कर लगभग 83 प्रतिशत पहुंच गई। इसके चलते लोगों को बारिश के बाद भी चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम के समय फिर तेज बारिश और हवाओं ने कुछ राहत जरूर दिलाई।
कम दबाव का क्षेत्र बना बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिक प्रो. शैलेंद्र राय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 16 जुलाई से बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंच चुका है। इसी सिस्टम के प्रभाव से अगले लगभग एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी यूपी में भी बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार दोपहर बाद करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई। हालांकि शाम होते-होते उमस फिर बढ़ गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मध्यम से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो तीन से चार दिनों तक जारी रह सकता है।
मेरठ में 15 मिमी बारिश, तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में 15 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 201 दर्ज हुआ, जो खराब श्रेणी में शामिल है।