UP Weather Today: यूपी में फिर सक्रिय होगा मानसून, लखनऊ-वाराणसी समेत 35 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट

0 21

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्नवायु दाब का क्षेत्र मजबूत होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है, जिसके प्रभाव से आज प्रदेश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, वाराणसी समेत 35 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

गुरुवार दोपहर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शुक्रवार से बारिश का दायरा बढ़ेगा, जिससे प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो जाएगा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिल सकती है।

इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ, वाराणसी सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश की संभावना वाले जिलों में सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, कानपुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली शामिल हैं।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली में मेघगर्जन के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और आसपास के इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

इसके अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मैनपुरी और आसपास के क्षेत्रों में भी दिन के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

बारिश से उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि निम्नवायु दाब क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां व्यापक होंगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी और पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.