पहली भारत यात्रा पर कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात; व्यापार-रक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

0 14

कोलकाता: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अपनी पहली भारत यात्रा पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच गए हैं। चार दिनों के इस महत्वपूर्ण दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। रूबियो के आगमन को लेकर कोलकाता में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कई प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अपने कोलकाता दौरे के बाद वह आज नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी अहम मुलाकात प्रस्तावित है।

मदर टेरेसा को दी श्रद्धांजलि

भारत दौरे की शुरुआत में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मिशनरीज ऑफ चैरिटी स्थित मदर टेरेसा हाउस पहुंचकर मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। रूबियो की यात्रा को देखते हुए शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास भी भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

आज नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात

मार्को रूबियो आज ही नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, तकनीक और क्वाड जैसे रणनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत होती दिखाई दे रही है।

भारत-अमेरिका संबंधों को मिल सकती है नई दिशा

पिछले कुछ वर्षों में भारत और अमेरिका के रिश्तों में लगातार मजबूती आई है। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत रणनीति जैसे कई अहम क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग तेजी से बढ़ा है। ऐसे में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की यह यात्रा आने वाले समय में द्विपक्षीय संबंधों को नई गति और नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.