VBYLD 2027: विकसित भारत क्विज से शुरू हुआ यंग लीडर्स डायलॉग, 15 से 29 साल के युवाओं को मिलेगा नेतृत्व का बड़ा मंच

0 25

गौतमबुद्धनगर: विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के तहत विकसित भारत क्विज की शुरुआत हो चुकी है। युवाओं में इस अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर में जिला स्तरीय पोस्टर का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने पोस्टर का शुभारंभ किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शव्या गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. मणि त्रिपाठी और उप निदेशक, MY Bharat शिवेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की शुरुआत विकसित भारत क्विज से हुई है। इसके जरिए देशभर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है। साथ ही युवा ‘विकसित भारत @2047’ के लिए अपने विचार भी सामने रख सकेंगे।

30 सितंबर तक चलेगी विकसित भारत क्विज

विकसित भारत क्विज का आयोजन MY Bharat पोर्टल पर 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। क्विज के बाद प्रतिभागियों के लिए निबंध चुनौती, जिला चैंपियनशिप और राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

छह प्रमुख ट्रैक में युवाओं को मिलेगा मौका

VBYLD-2027 के तहत युवाओं की प्रतिभा और रुचि के अनुरूप छह प्रमुख ट्रैक रखे गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट शामिल हैं।

इन अलग-अलग ट्रैक के जरिए युवाओं को नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े अपने विचार सामने रखने का अवसर मिलेगा।

नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय स्तर का संवाद

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में शामिल होने का अवसर मिलेगा। चयनित युवा देश के नीति निर्माताओं के सामने अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।

इसके साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी विकसित भारत को लेकर अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय और कॉलेज के युवाओं से भाग लेने की अपील

MY Bharat, गौतमबुद्धनगर की ओर से जिले के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की गई है। युवाओं से इस राष्ट्रव्यापी युवा नेतृत्व अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.