तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं तृषा कृष्णन; ट्रेडिशनल लुक ने खींचा ध्यान
तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। अपने पसंदीदा स्टार को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचता देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
विजय का शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक और फिल्मी जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी के चलते लगातार चर्चा में बना रहा। हालांकि, इस समारोह में सबसे ज्यादा ध्यान दक्षिण भारतीय अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने खींचा।
ट्रेडिशनल अंदाज में पहुंचीं तृषा कृष्णन
अभिनेत्री तृषा कृष्णन रविवार, 10 मई 2026 को चेन्नई में आयोजित विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचीं। समारोह में वह नीले रंग की कांजीवरम साड़ी और बेज रंग के कढ़ाईदार ब्लाउज में नजर आईं। पारंपरिक लुक के साथ उन्होंने खूबसूरत जूलरी कैरी की, जिसने उनके अंदाज को और आकर्षक बना दिया।
तृषा उन चुनिंदा लोगों में शामिल रहीं, जो कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले पहुंचीं। समारोह के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अपने चेन्नई स्थित घर के बाहर मीडिया से भी बातचीत की और विजय की जीत पर खुशी जताई।
तमिलनाडु के लिए इस दिन के महत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर तृषा ने कहा, “धन्यवाद, आगे के लिए उत्सुक हूं।”
फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां भी पहुंचीं
तृषा कृष्णन के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। अभिनेत्री संगीता और गायक कृष समेत कई सितारे जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम पहुंचते नजर आए।
विजय की यह जीत उनके राजनीतिक करियर में बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम ने 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनावी मैदान में उतरते हुए दमदार प्रदर्शन किया है।
121 विधायकों के समर्थन से बनाई सरकार
सरकार गठन से पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए 121 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे थे।
तमिलनाडु में बहुमत के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। विजय को उनकी पार्टी टीवीके के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस के 5, सीपीआई के 2, सीपीआई (एम) के 2, वीसीके के 2 और आईयूएमएल के 2 विधायकों का समर्थन मिला।
राजनीति में विजय की एंट्री ने बढ़ाई हलचल
फिल्मी दुनिया में लंबे समय तक सुपरस्टार रहने के बाद विजय की राजनीति में एंट्री ने तमिलनाडु की सियासत में बड़ा बदलाव ला दिया है। पहली बार चुनाव लड़कर सरकार बनाने तक पहुंची टीवीके अब राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो चुकी है।