विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: पारंपरिक कारीगरों को मिलेगा 10 दिन का प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट, ऐसे करें आवेदन

0 129

उत्तर प्रदेश सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय दस्तकारों एवं पारंपरिक कारीगरों के आर्थिक और कौशल विकास के लिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना संचालित की है। इस योजना के तहत गौतमबुद्धनगर के पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट और स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा का लाभ प्रदान किया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गौतमबुद्धनगर ने बताया कि योजना का उद्देश्य बढ़ई, नाई (ब्यूटीशियन), दर्जी, कुम्हार, लोहार, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची और धोबी जैसे पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को मजबूत बनाकर उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।

10 दिन का आवासीय प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट

योजना के अंतर्गत पात्र कारीगरों को 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आधुनिक तकनीक पर आधारित उन्नत टूलकिट का ऑनलाइन वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को वर्तमान में संचालित मार्जिन मनी योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट diupmsme.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। योजना के लिए किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है।

इन शर्तों का रखना होगा ध्यान

योजना का लाभ वही आवेदक प्राप्त कर सकेंगे जिन्होंने पिछले दो वर्षों में केंद्र या राज्य सरकार की किसी टूलकिट योजना का लाभ नहीं लिया हो। परिवार में पति या पत्नी में से केवल एक सदस्य ही एक बार आवेदन करने का पात्र होगा और निर्धारित प्रारूप पर शपथ-पत्र देना अनिवार्य रहेगा।

जाति नहीं, कारीगरी होगी पात्रता का आधार

योजना में पात्रता केवल जाति के आधार पर निर्धारित नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति पारंपरिक कारीगर जाति से संबंधित नहीं है, लेकिन संबंधित कारीगरी का कार्य करता है, तो वह भी आवेदन कर सकता है। ऐसे आवेदकों को ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष अथवा नगर पालिका/नगर निगम के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा जारी कार्य संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

संपर्क कर प्राप्त करें अधिक जानकारी

योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गौतमबुद्धनगर से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सहायक आयुक्त उद्योग राजेन्द्र कुमार (मो. 7985010543) तथा कनिष्ठ सहायक रविन्द्र कुमार (मो. 9456671832) से संपर्क किया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.