Weather Update: यूपी-बिहार-झारखंड समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसी के चलते मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड सहित 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। वहीं, निम्न दबाव क्षेत्र अगले दो दिनों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ सकता है।
दिल्ली में उमस बरकरार, येलो अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बारिश के आसार
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 21 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 18 जुलाई तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 19 से 21 जुलाई के दौरान भारी बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार और झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में 16 से 20 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, 18 से 20 जुलाई के बीच कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
झारखंड में 18 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होती रहेगी। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम रहेगा खराब
उत्तराखंड में 16 से 21 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, 20 और 21 जुलाई को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 18 जुलाई से वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जबकि 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में 19 से 21 जुलाई के बीच भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन 22 राज्यों के लिए बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है, उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड समेत कई अन्य राज्य शामिल हैं।