दोस्त की पत्नी ने साथ जाने से किया इनकार तो रची हत्या की साजिश, 4 साल की बेटी के सामने रेता गला

0 44

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक महिला की उसके पति के दोस्त के रिश्तेदार ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने युवक के साथ गुजरात जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय महिला की चार साल की बेटी भी घर में मौजूद थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

महिला की हत्या सरायइनायत क्षेत्र के जैतपुर गांव में गुरुवार सुबह हुई। पुलिस के मुताबिक, उतरांव के बसगिद गांव निवासी दिनेश मुंबई में ऑटो चलाता था। करीब पांच साल पहले उसकी मुलाकात जौनपुर की 26 वर्षीय उषा से मुंबई में हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी चार साल की बेटी स्वीटी है। 11 अगस्त को दिनेश अपनी पत्नी और बेटी के साथ मुंबई से प्रयागराज आया था। दूर के रिश्तेदार कोटवा निवासी आशीष की मदद से परिवार ने जैतपुर में किराए पर कमरा लिया था।

पति के गांव जाते ही कमरे पर पहुंचा आरोपी

बुधवार रात दिनेश अपने गांव चला गया था। पुलिस के अनुसार, आशीष पिछले दो-तीन दिनों से उषा पर उसके साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। एक दिन पहले उषा ने उसे फटकार लगाते हुए साथ जाने से साफ इनकार कर दिया था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आशीष उसके कमरे पर पहुंचा। उस समय उषा खाना बना रही थी।

आरोप है कि आशीष ने पीछे से उषा का सिर पकड़ा और चाकू से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। करीब एक घंटे बाद चार साल की स्वीटी रोती हुई घर से बाहर गली में पहुंची। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान

सूचना मिलने के बाद डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के साथ सरायइनायत पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान मालिक अनिल सोनी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के समय आशीष का गली में आना-जाना दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

30 रुपये में खरीदा था सब्जी काटने वाला चाकू

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या से पहले वारदात की तैयारी की थी। पुलिस के मुताबिक, आशीष ने हनुमानगंज बाजार से 30 रुपये में सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा था। इसके बाद वह उषा के कमरे पर पहुंचा। खास बात यह भी है कि वारदात से एक दिन पहले बुधवार रात आशीष ने दिनेश और उसके परिवार के साथ कमरे पर पार्टी की थी।

आशीष को पता था कि दिनेश रात में अपने गांव चला गया है और घर पर उषा अपनी बेटी के साथ अकेली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश के बहनोई का मौसेरा भाई है और उसी ने जैतपुर में अनिल सोनी के दोमंजिला मकान में परिवार को कमरा किराए पर दिलाया था। उसका कमरे पर नियमित आना-जाना था और उसने सिलेंडर तथा राशन की व्यवस्था में भी मदद की थी।

उषा ने पति को बताने की दी थी धमकी

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आशीष उषा पर लगातार उसके पति और बेटी को छोड़कर उसके साथ नई जिंदगी शुरू करने का दबाव बना रहा था। उषा ने उसकी हरकतों पर नाराजगी जताते हुए उसे फटकार लगाई थी और पति को पूरी बात बताने की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।

चार साल की बेटी ने पुलिस को बताई पूरी घटना

मौके पर पहुंची पुलिस ने चार साल की स्वीटी से भी जानकारी ली। बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह किचन में अपनी मां के साथ थी। तभी आशीष पीछे से आया और चाकू से उसकी मां का गला रेत दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया। बच्ची ने आरोपी की पहचान भी की। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद उषा खून से लथपथ हालत में तड़पती रही और उसकी मौत हो गई।

आरोपी की पत्नी पहले ही छोड़ चुकी है साथ

पुलिस के अनुसार, बरईपुर निवासी आशीष दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसके पिता प्रेमलाल पूर्व प्रधान हैं और पेंटिंग का काम करते हैं। आशीष की पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी है। दिनेश के परिवार के मुंबई से प्रयागराज लौटने के बाद आशीष की उनके घर पर आवाजाही बढ़ गई थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.