‘इतनी जल्दबाजी क्यों?’ वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया डेब्यू पर भड़के पूर्व क्रिकेटर, चयन को लेकर दिया बड़ा बयान

0 22

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर लगातार चर्चा तेज हो रही है। महज 15 साल की उम्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को टीम इंडिया में शामिल करने की मांग उठने लगी है। हालांकि, भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा इस जल्दबाजी के पक्ष में नजर नहीं आए। उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर तुरंत राष्ट्रीय टीम में जगह देना सही फैसला नहीं होगा।

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अब तक 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया हुआ है। उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस को प्रभावित किया है। बावजूद इसके आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए सिर्फ प्रतिभा नहीं, बल्कि सही समय और टीम संतुलन भी जरूरी होता है।

‘हर अच्छे प्रदर्शन के बाद टीम में बदलाव सही नहीं’

जियोस्टार पर बातचीत के दौरान आकाश चोपड़ा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें तुरंत टीम इंडिया में शामिल करने की मांग पर संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के लिए फिलहाल अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में सिर्फ किसी नए खिलाड़ी के शानदार आईपीएल सीजन के कारण मौजूदा खिलाड़ियों को बाहर करना उचित नहीं होगा।

आकाश चोपड़ा ने कहा कि किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर करने के लिए उसका लगातार खराब प्रदर्शन होना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर भविष्य में वैभव का भी खराब दौर आया और कोई दूसरा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने लगा, तो क्या उन्हें भी उसी तरह बाहर कर दिया जाएगा।

वैभव की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ

हालांकि, आकाश चोपड़ा ने वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की खुलकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि विरोधी टीमों के गेंदबाजों के पास उनके खिलाफ विशेष रणनीति होती है, लेकिन एक बार सेट होने के बाद उन्हें रोक पाना बेहद मुश्किल हो जाता है।

चोपड़ा ने कहा कि पैट कमिंस जैसे गेंदबाज ने भी यॉर्कर के साथ शुरुआत की, लेकिन वैभव के जमने के बाद कोई योजना काम नहीं आई। उन्होंने उनकी पारी को लंबे समय बाद किसी ओपनर द्वारा खेली गई सबसे बेहतरीन पारियों में से एक बताया।

‘वैभव के डीएनए में है निडरता’

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत उनकी निडर बल्लेबाजी है। उन्होंने बताया कि वैभव का बैकलिफ्ट, सीधे और लेग साइड में शॉट खेलने की क्षमता और तेजी से रन बनाने का तरीका उन्हें बेहद खतरनाक टी20 बल्लेबाज बनाता है।

आकाश चोपड़ा ने कहा कि वैभव ने इस सीजन 65 छक्के लगाए हैं और आने वाले समय में वह एक आईपीएल सीजन में 100 छक्कों का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वैभव फिलहाल पूरी तरह टी20 क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

‘डेब्यू के लिए अभी इंतजार किया जा सकता है’

आकाश चोपड़ा ने कहा कि अगले टी20 वर्ल्ड कप में अभी दो साल का समय बाकी है, इसलिए चयनकर्ताओं को जल्दबाजी में फैसला लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि चयन समिति में अजीत अगरकर, आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा जैसे अनुभवी लोग मौजूद हैं, जो भारतीय क्रिकेट के हित में सही निर्णय लेंगे।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में डेब्यू कल ही हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है। अभी वह सिर्फ 15 साल के हैं और उनके पास लंबा करियर पड़ा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.