उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई दूसरी शादी, तस्वीरें साझा कर बोले- नई यात्रा शुरू हुई

0 30

श्रीनगर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जानी-मानी पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। दोनों ने एक निजी समारोह में विवाह किया। शादी की जानकारी खुद उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर दी। उन्होंने निधि राजदान को टैग करते हुए लिखा, “कल एक नई यात्रा की शुरुआत हुई।” इसके बाद निधि राजदान ने भी शादी की तस्वीरें साझा कीं और अपने खास अंदाज में खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “इट्स डन ब्रो।”

उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान दोनों के लिए यह दूसरी शादी है। उमर अब्दुल्ला इससे पहले पायल नाथ के साथ वैवाहिक रिश्ते में थे। दोनों ने वर्ष 1994 में शादी की थी और उनके दो बेटे जाहिर अब्दुल्ला और जमीर अब्दुल्ला हैं। हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और वर्ष 2009 से वे अलग रहने लगे थे। लंबे समय तक चले कानूनी विवाद के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को आपसी सहमति से तलाक लेने की मंजूरी दी थी।

कौन हैं निधि राजदान?

निधि राजदान भारतीय पत्रकारिता का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह मूल रूप से कश्मीरी पंडित हैं। उनके पिता कृष्ण राजदान भी पत्रकार रह चुके हैं। निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की और फिर एनडीटीवी से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की।

निधि राजदान ने एनडीटीवी में लगातार 21 साल तक काम किया। वर्ष 2020 में उन्होंने चैनल से इस्तीफा दे दिया था। उस समय उन्होंने बताया था कि उन्हें हार्वर्ड विश्वविद्यालय में नौकरी का प्रस्ताव मिला है। हालांकि, कुछ महीने बाद उन्होंने खुलासा किया कि वह साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गई थीं। इस खुलासे के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.