दिलजीत दोसांझ ने कॉकरोच जनता पार्टी पर साधा निशाना, बोले- शांत हूं तो शांत रहने दो; ‘सतलुज’ विवाद पर भी दिया जवाब

0 22

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को दिल्ली में हुए अपने कॉन्सर्ट के दौरान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) पर बिना नाम लिए तंज कसा। सोशल मीडिया पर उनके कार्यक्रम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दिलजीत पंजाबियों को लड़ना सिखाने वालों को जवाब देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर हुए विवाद पर भी बात की। दरअसल, फिल्म को लेकर विवाद के दौरान अभिजीत दीपके ने दिलजीत पर टिप्पणी की थी। अब कॉन्सर्ट में दिलजीत के बयान के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।

कॉन्सर्ट में बोले- पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ

दिल्ली कॉन्सर्ट से सामने आए वीडियो में दिलजीत दोसांझ कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैं आप सबको प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं शांत हूं तो मुझे शांत रहने दो। मैं आप सबको सपोर्ट करता हूं। लेकिन पंजाबियों को लड़ाई करना मत सिखाओ।”

उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में दिलजीत ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे कॉकरोच जनता पार्टी पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

फिल्म ‘सतलुज’ पर उड़ाए गए मजाक का भी दिया जवाब

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मंच पर आप जिस फिल्म का मजाक उड़ा रहे हैं… जसवंत सिंह खालरा की फिल्म। उस फिल्म के लिए हमने लंबे समय तक संघर्ष किया है। मैं आप सभी से प्यार करता हूं। अगर कोई हमसे नफरत करता है, तो कोई बात नहीं। लेकिन मैं आप सभी से प्यार करता हूं।”

दिलजीत की यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। फिल्म को लेकर पहले भी काफी विवाद हो चुका है।

NEET पेपर लीक के प्रदर्शन से शुरू हुआ था विवाद

दिलजीत दोसांझ और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब दिल्ली में CJP की ओर से NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान दिलजीत से आंदोलन को लेकर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई थी।

बताया गया कि दिलजीत ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से परहेज किया था। उन्होंने कहा था, “मैं एक आर्टिस्ट हूं, भाई। मुझे इन सब चीजों से दूर रखो।” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई थी।

अभिजीत दीपके ने फिल्म बैन को लेकर कसा था तंज

दिलजीत के इस बयान पर अभिजीत दीपके ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्हें गायक का आंदोलन पर टिप्पणी से बचना पसंद नहीं आया था। अभिजीत ने दिलजीत पर तंज कसते हुए कहा था, “आना पड़ता है ब्रो, नहीं तो आपकी फिल्में बैन हो जाएंगी।”

अब कॉन्सर्ट में दिलजीत का वीडियो वायरल होने के बीच अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर उनके लिए एक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा कि छोटा भाई समझकर इन सब बातों पर मिट्टी डालो।

3 जुलाई को OTT पर रिलीज हुई थी ‘सतलुज’, दो दिन बाद हटाई गई

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ लंबे इंतजार के बाद इस साल ओटीटी मंच जी5 पर रिलीज हुई थी। फिल्म को 3 जुलाई को दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया गया था, लेकिन 5 जुलाई को इसे मंच से हटा दिया गया।

जी5 की ओर से कहा गया था कि वह फिल्म और इसके निर्माताओं की रचनात्मक सोच के साथ खड़ा है। साथ ही कानूनी प्रक्रियाओं के तहत फिल्म को भारत में जल्द से जल्द दोबारा उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘सतलुज’ पंजाब के चर्चित मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। उन्होंने वर्ष 1984 से 1994 के बीच पंजाब में लापता हुए हजारों लोगों और उनके कथित अंतिम संस्कार से जुड़े मामलों की जांच की थी।

इस संवेदनशील मुद्दे को उठाने के बाद वर्ष 1995 में जसवंत सिंह खालड़ा लापता हो गए थे। करीब 10 साल बाद पंजाब पुलिस के चार कर्मियों को उनके अपहरण और हत्या का दोषी ठहराया गया था। उन्हें सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। बाद में वर्ष 2007 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उनकी सजा बढ़ाकर आजीवन कारावास कर दी थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.