ओमान तट के पास फिर कमर्शियल जहाज पर हमला, एक भारतीय नाविक की मौत; 19 को बचाया गया, MEA ने जताई चिंता
नई दिल्ली: ओमान के पूर्वी तट के पास भारत की ओर आ रहे कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर बुधवार को हमला हुआ। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
जहाज पर सवार थे 20 भारतीय नाविक
जानकारी के मुताबिक, MV Cape Dao पर कुल 20 भारतीय नाविक सवार थे। हमले के बाद 19 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक की मौत हो गई। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वह ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है।
दूतावास ने मृतक भारतीय नाविक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों पर जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की है। भारत ने तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है।
मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन तथा व्यापार को जल्द बहाल करने की जरूरत बताई गई है।
देवरिया के रहने वाले थे मृतक नाविक सूरज यादव
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक भारतीय नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी वाइपर सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के मुताबिक, MV Cape Dao पर हमला उस समय हुआ, जब जहाज भारत की ओर जा रहा था।
FSUI ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक और भारतीय नाविक की जान चली गई है। यूनियन ने नाविकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
होर्मुज स्ट्रेट के आसपास नाविकों की सुरक्षा पर सवाल
FSUI के मुताबिक, जहाज पर दो टॉरपीडो लगे। इनमें से एक C-डेक के अकोमोडेशन एरिया के पोर्ट साइड पर और दूसरा इंजन रूम के पास पोर्ट साइड हल पर लगा।
यूनियन ने कहा कि इस घटना से होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास आम नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। FSUI ने क्षेत्र में नाविकों के खिलाफ हो रही हिंसा पर भी सवाल उठाए हैं।
13 सितंबर को भी भारतीय जहाज पर हुआ था हमला
इससे पहले 13 सितंबर को भी ओमान तट के पास भारतीय जहाज MT El Gaia पर हमला हुआ था। उस समय जहाज पर 14 क्रू मेंबर सवार थे और सभी भारतीय थे। इनमें से 13 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया था, जबकि एक अभी लापता बताया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।