ओवैसी का सपा समेत विपक्ष पर निशाना, बोले- ‘अब्दुल’ सिर्फ दरी बिछाए, नारे लगाए और वोट देकर घर चला जाए?

0 25

बहराइच: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुसलमानों की भागीदारी के मुद्दे पर विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। श्रावस्ती में प्रस्तावित जनसभा में शामिल होने जाते समय रविवार को ओवैसी बहराइच पहुंचे। यहां एक होटल में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया।

ओवैसी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों की कोई बड़ी राजनीतिक पार्टी मजबूत हो और उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़े। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अपनी राजनीतिक भागीदारी के लिए खुद आवाज उठानी होगी। उनके मुताबिक, विपक्षी दल चुनाव के समय मुसलमानों का इस्तेमाल करते हैं और बाद में उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी की बात नहीं करते।

‘अब्दुल’ को सिर्फ नारे और वोट तक सीमित रखने का आरोप

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी राजनीति में मुसलमानों को केवल चुनावी समय में इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि ‘अब्दुल’ सिर्फ दरी बिछाए, नेताओं के समर्थन में नारे लगाए, उन्हें वोट दे और फिर अपने घर चला जाए। ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल होने के बजाय सत्ता और राजनीति में अपनी हिस्सेदारी मांगनी चाहिए।

उन्होंने प्रदेश में मुसलमानों पर अत्याचार होने का भी आरोप लगाया। ओवैसी ने मस्जिदों को गिराए जाने और समुदाय के साथ कथित अन्याय की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुसलमानों को अपनी राजनीतिक आवाज मजबूत करनी होगी।

AIMIM को भाजपा की ‘बी टीम’ बताने पर ओवैसी का पलटवार

एआईएमआईएम को भाजपा की ‘बी टीम’ बताए जाने के आरोपों पर भी ओवैसी ने विपक्षी दलों को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि अगर AIMIM भाजपा की बी टीम है तो 2014, 2017, 2022 और 2024 के चुनावों में विपक्षी दलों को हार का सामना क्यों करना पड़ा। ओवैसी ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी पर इस तरह के आरोप लगाकर विपक्षी दल अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने की कोशिश करते हैं।

SIR के मुद्दे पर भी ओवैसी ने किया दावा

ओवैसी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर भी अपनी पार्टी की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि AIMIM SIR के खिलाफ सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट गई थी, हालांकि अदालत ने उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं की।

श्रावस्ती में प्रस्तावित थी AIMIM की जनसभा

ओवैसी के बहराइच पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में AIMIM कार्यकर्ता होटल के बाहर और आसपास मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संबोधन के बाद ओवैसी श्रावस्ती के लिए रवाना हो गए। वहां भिनगा विधानसभा क्षेत्र के राजापुर रानी में पार्टी की जनसभा प्रस्तावित थी। ओवैसी के इस दौरे को उत्तर प्रदेश में AIMIM के संगठन और राजनीतिक आधार को विस्तार देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। खासकर मुस्लिम राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर दिए गए उनके बयान विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.