गले में कफ और बलगम ने कर रखा है परेशान? इन आसान उपायों से मिल सकती है राहत

0 21

नई दिल्ली: वायुमार्ग में थोड़ी मात्रा में बलगम होना सामान्य है। यह वायुमार्ग को सुरक्षित रखने और ऊतकों में नमी बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन जब शरीर में जरूरत से ज्यादा बलगम बनने लगे तो गले में कफ और जमाव की समस्या होने लगती है। सर्दी, साइनस, एलर्जी, धुएं या प्रदूषकों के संपर्क में आने से भी बलगम ज्यादा बन सकता है।

मौसम में मामूली बदलाव भी कई लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकता है। वातावरण में बदलाव के साथ जुकाम, खांसी और गले में कफ की शिकायत बढ़ सकती है। इसका एक प्रमुख कारण एलर्जी भी है। मौसम बदलने पर पेड़-पौधों से पराग निकलता है, जिससे कुछ लोगों में एलर्जी के कारण खांसी और बलगम की समस्या हो सकती है।

मौसम बदलने पर क्यों बढ़ता है गले का कफ?

मौसम में बदलाव के साथ सुबह की हवा ठंडी हो जाती है, जो गले में कफ की समस्या का एक कारण बन सकती है। ठंडी या बहुत शुष्क हवा नाक और गले में सूखापन पैदा कर सकती है। शरीर इस कमी को पूरा करने के लिए कफ बनाता है, जो श्वसन तंत्र को नमी और गर्मी देने के साथ जलन कम करने में मदद करता है।

सर्दियों के मौसम में फ्लू, साइनस संक्रमण और सामान्य जुकाम जैसे वायरल संक्रमण भी गले में कफ की वजह बन सकते हैं। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता के कारण बार-बार बीमार पड़ने से भी गले में कफ की शिकायत हो सकती है। ठंडा वातावरण रोगाणुओं के संपर्क का खतरा बढ़ा सकता है, जिससे यह समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा कुछ मामलों में इसके आनुवंशिक कारण भी हो सकते हैं और दूसरे संक्रमण भी गले में कफ के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।

पानी और सही पोषण से मिल सकती है राहत

गले में जमा कफ से राहत पाने के लिए पर्याप्त पानी पीना और पोषण का ध्यान रखना जरूरी है। साथ ही अनावश्यक मानसिक तनाव से दूरी बनाकर रखना भी मददगार हो सकता है।

व्यायाम और पर्याप्त नींद भी जरूरी

शरीर और दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए नियमित शारीरिक व्यायाम महत्वपूर्ण है। अपनी उम्र और शारीरिक मेहनत के अनुसार पर्याप्त नींद लेना भी सेहत के लिए जरूरी है।

गले की सफाई का रखें ध्यान

दांतों को सुबह और रात के खाने के बाद ब्रश करना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय मुंह और नाक को रूमाल से ढककर रखना भी उपयोगी हो सकता है। बाहर के खाने से परहेज करें, खासकर कच्चे फल और सब्जियां खाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें। दूषित पानी का सेवन करने से भी बचना चाहिए।

गर्म पानी में नमक डालकर करें गरारे

अगर गला खुरदुरा हो गया है तो गुनगुने पानी में थोड़ा नमक डालकर गरारे करने से राहत मिल सकती है। इसके साथ बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीने से बचें और आइसक्रीम व ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कम करें।

अदरक और काली मिर्च से भी मिल सकती है राहत

अदरक और काली मिर्च का सेवन गले को आराम देने में मदद कर सकता है। मौसम बदलने के दौरान इन आसान उपायों के साथ पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और संतुलित खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.