‘गिरफ्तारी और धमकी से नहीं डरेंगे’, अभिजीत दीपके का ऐलान; CJP प्रदर्शन के लिए मुंबई से दिल्ली रवाना

0 36

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह मुंबई के फोर सीजन्स होटल से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। वह मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। CJP पदाधिकारी के मुताबिक, दीपके के सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही कई लोगों को रास्ते में हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।

अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से पहले साफ कर दिया है कि वह गिरफ्तारी या किसी भी कानूनी कार्रवाई की धमकी से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए है। CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए स्वतंत्र चयन प्रक्रिया बनाने की मांग रखी है।

‘गिरफ्तार कर लें, डरने वाले नहीं’, दीपके का संदेश

अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी वीडियो में कहा था कि अगर उन्हें एयरपोर्ट पर या दिल्ली पहुंचने के बाद हिरासत में लिया जाता है, तब भी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने UAPA और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) जैसे कानूनों के इस्तेमाल की आशंका का जिक्र करते हुए कहा कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं।

दीपके ने लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की है। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और अनुशासित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल लोग कानून का पालन करें और ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे प्रदर्शन की छवि प्रभावित हो।

मुंबई से दिल्ली रवाना होने से पहले दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जिंदगी जीने के दो ही तरीके होते हैं, एक जो हो रहा है होने दो, बर्दाश्त करते जाओ, या फिर जिम्मेदारी उठाओ उसे बदलने की।”

गृह मंत्रालय भी अलर्ट, राज्यों को दिल्ली पुलिस से समन्वय के निर्देश

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों से दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा है।

गृह मंत्रालय के पत्र में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित जुटान और दिल्ली पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने का उल्लेख किया गया है। मंत्रालय ने आशंका जताई है कि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद CJP समर्थक राजधानी में पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।

CJP का यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों के विरोध के बीच हो रहा है। अब नजर इस बात पर है कि अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचने के बाद प्रदर्शन स्थल तक पहुंच पाते हैं या पुलिस उन्हें रास्ते में ही रोकती है।

दिल्ली में 35 हजार से ज्यादा जवान तैनात, मेट्रो और इंटरनेट पर पाबंदी

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में जांच बढ़ा दी है और कई सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 20 हजार लोगों के प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश करने का अनुमान है।

शुक्रवार रात 10 बजे से जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं। यह पाबंदी शनिवार रात 10 बजे तक लागू रहने वाली है।

दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का शुरुआती आदेश दिया गया था, जिसे बाद में घटाकर 45 स्टेशन कर दिया गया। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है।

पुलिस ने प्रदर्शन की कोशिश करने वालों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए हैं। हिरासत में लिए गए लोगों को छत्रसाल स्टेडियम, राजीव गांधी स्टेडियम, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल स्टेडियम और अन्य निर्धारित केंद्रों पर ले जाने की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, छतों पर तैनात निगरानीकर्मी और चेहरे की पहचान करने वाली प्रणालियों के इस्तेमाल की तैयारी भी की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.