गोंडा में कल जुटेंगे चार जिलों के 41 हजार मेधावी, CM योगी बांटेंगे टैबलेट; 1300 वाहनों की व्यवस्था

0 17
गोंडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर को गोंडा दौरे पर आएंगे। यहां स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों के करीब 41 हजार मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। कार्यक्रम शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित होगा। प्रशासन के मुताबिक, आयोजन में करीब 45 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम में गोंडा जिले से 30 हजार, बलरामपुर से पांच हजार, बहराइच से पांच हजार और श्रावस्ती से एक हजार छात्र शामिल होंगे। विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए मंडल में करीब 1,300 वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।

डीएम ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा और एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम मौजूद रहे।

छह जगहों पर बनाई जा रही पार्किंग

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लाने के लिए रोडवेज बसों के साथ स्कूल और टैक्सी बसें भी लगाई जा रही हैं। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था की जा रही है। शहर में वाहनों की पार्किंग के लिए छह अलग-अलग स्थान तय किए जा रहे हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार के मुताबिक, बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।

45 हजार लोगों के लिए तैयार होंगे लंच पैकेट

कार्यक्रम में आने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों के भोजन की जिम्मेदारी पूर्ति विभाग को सौंपी गई है। करीब 45 हजार लोगों के लिए लंच पैकेट तैयार कराए जाएंगे। हालांकि, भोजन के मेन्यू को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.