गौतमबुद्धनगर में रूफ टॉप गार्डनिंग योजना शुरू, 400 किट के लिए आवेदन आमंत्रित, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा चयन

0 27

गौतमबुद्धनगर, 23 जुलाई 2026। शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैविक एवं रसायनमुक्त ताजी सब्जियों और औषधीय पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रूफ टॉप गार्डनिंग योजना शुरू की गई है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर के लिए 400 रूफ टॉप गार्डनिंग किट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक (पहले आओ, पहले पाओ) के आधार पर किया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के इच्छुक शहरी निवासी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद सभी आवश्यक दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। जो आवेदक स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, वे अपने मूल दस्तावेजों एवं उनकी छायाप्रति के साथ कार्यालय पहुंचकर विभागीय कर्मचारियों की सहायता से तत्काल पंजीकरण करा सकते हैं।

योजना के तहत मिलेगी पूरी गार्डनिंग किट

योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाले सब्जी एवं औषधीय पौधों के बीज और पौधे, एचडीपीई ग्रो-बैग्स (आयताकार एवं गोलाकार), कोकोपीट, ग्रोयर, वर्मीकम्पोस्ट (जैविक खाद), गार्डनिंग उपकरण जैसे वॉटरिंग कैन (हजारा) और खुरपी के साथ जैविक सुरक्षा के लिए नीम ऑयल उपलब्ध कराया जाएगा।

आवेदन से पहले तैयार रखें ये जरूरी दस्तावे

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को एक बार में पूरा करने के लिए आवेदकों को दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, चालू मोबाइल नंबर, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक की स्पष्ट प्रति, नगर निगम, नगर पालिका या स्थानीय निकाय क्षेत्र का शहरी निवास प्रमाण-पत्र, छत पर कम से कम 100 वर्ग फीट खुला स्थान उपलब्ध होने संबंधी ₹10 के स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र तथा उपलब्ध छत की जियोटैग युक्त फोटो तैयार रखनी होगी।

पात्र शहरी निवासी जल्द करें आवेदन

जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र एवं इच्छुक शहरी निवासियों से अपील की है कि 400 किट के सीमित लक्ष्य को देखते हुए बिना देरी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन आवेदन करें या जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क करें, ताकि किट उपलब्ध होते ही उनका शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.