छठ के बाद घर लौटने वालों को रेलवे की बड़ी राहत! यूपी से दिल्ली, पुणे और राजकोट के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें तारीख और पूरा रूट

0 36

लखनऊ: छठ महापर्व के बाद अपने कामकाज पर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ होकर दिल्ली, पुणे, बिहार और राजकोट के लिए पूजा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन 21 और 22 नवंबर से शुरू होगा। रेलवे ने ट्रेनों की तारीख, समय और ठहराव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इनमें स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

गोरखपुर से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव के मुताबिक, गाड़ी संख्या 05019 गोरखपुर-दिल्ली विशेष ट्रेन 21 नवंबर को दोपहर 2:40 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा और बुढ़वल होते हुए यह ट्रेन रात 8:30 बजे लखनऊ के उत्तर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट का ठहराव होगा। इसके बाद कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

छपरा से आनंद विहार के बीच भी चलेगी विशेष ट्रेन

बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए छपरा-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 05013 छपरा से 21 नवंबर को शाम 5 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 05014 आनंद विहार टर्मिनल से 22 नवंबर को शाम 6:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

पुणे के हडपसर के लिए भी मिलेगी ट्रेन

पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए गोरखपुर-हडपसर विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 05011 का संचालन 21 नवंबर को एकल यात्रा के लिए होगा। यह ट्रेन रात 9:55 बजे गोरखपुर से रवाना होकर बस्ती, मनकापुर और गोंडा के रास्ते अगले दिन रात 2:35 बजे लखनऊ के उत्तर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से हडपसर के लिए रवाना होगी।

वहीं, गोरखपुर-दिल्ली विशेष ट्रेन के वापसी कार्यक्रम के अनुसार, यह ट्रेन 22 नवंबर को सुबह 11:10 बजे दिल्ली से रवाना होकर रात 10:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

राजकोट-बरौनी के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन

रेलवे ने राजकोट और बरौनी के बीच भी साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 09569/09570 राजकोट-बरौनी-राजकोट विशेष ट्रेन का संचालन निर्धारित तारीखों पर होगा।

गाड़ी संख्या 09569 राजकोट से 26 नवंबर, गुरुवार को शाम 5 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 11:40 बजे आगरा के ईदगाह जंक्शन पहुंचेगी और शनिवार सुबह 9:15 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09570 बरौनी जंक्शन से 21 और 28 नवंबर, शनिवार को रात 10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम 4:50 बजे आगरा के ईदगाह जंक्शन पहुंचेगी और सोमवार दोपहर 2:30 बजे राजकोट पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में एक एसी सेकेंड, तीन एसी थर्ड, 12 स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर चार ट्रेनें होंगी प्रभावित

लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के चलते चार नियमित ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ेगा। रेलवे ने इन ट्रेनों को रास्ते में निर्धारित समय तक नियंत्रित करके चलाने का फैसला किया है।

गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस 21 नवंबर को 40 मिनट और 28 नवंबर को 50 मिनट नियंत्रित रहेगी। बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस को 20 और 27 नवंबर को 40 मिनट, जबकि 5 दिसंबर को 80 मिनट तक रोका जाएगा।

गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ एक्सप्रेस 6 दिसंबर को लखनऊ जंक्शन पर 50 मिनट नियंत्रित रहेगी। वहीं, लोकमान्य तिलक-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ एक्सप्रेस 8 दिसंबर को झांसी मंडल में 90 मिनट और प्रयागराज मंडल में 60 मिनट नियंत्रित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति की जानकारी एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त कर लें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.