जंक फूड खाने से पहले अब पैकेट पर दिखेगी खतरे की निशानी, सुप्रीम कोर्ट ने लाल हेक्सागन लेबल को दी मंजूरी

0 17

नई दिल्ली: चिप्स, बिस्किट और दूसरे पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा को लेकर अब उपभोक्ताओं को सीधे चेतावनी मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे उत्पादों के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर लाल रंग के हेक्सागन यानी षट्कोण के रूप में चेतावनी लेबल लगाने के निर्देश दिए हैं। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सुनाए गए इस फैसले में अदालत ने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार संविधान की भावना से जुड़ा है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, जिन खाद्य पदार्थों में फैट, शुगर या नमक की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होगी, उनके पैकेट पर संबंधित तत्व के लिए अलग-अलग लाल हेक्सागन लगाया जाएगा। इस पर बड़े अक्षरों में ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। लेबल का आकार पैकेट के सामने वाले हिस्से का कम से कम 4 से 5 फीसदी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि ग्राहक इसे आसानी से देख और पढ़ सकें।

कुल चीनी और नमक के आधार पर तय होंगे नए मानक

अदालत ने चेतावनी लेबल के लिए पोषण संबंधी मानकों में बदलाव करने को भी कहा है। अब केवल एडेड शुगर यानी अलग से मिलाई गई चीनी के आधार पर चेतावनी तय नहीं होगी, बल्कि खाद्य पदार्थ में मौजूद कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक की मात्रा को ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए FSSAI को नए सिरे से थ्रेशोल्ड यानी निर्धारित सीमाएं तय करनी होंगी।

पीठ ने स्पष्ट किया कि DGI 2024 की टेबल 15.1 को बिना बदलाव के लागू नहीं किया जा सकता। इससे पहले सुनवाई के दौरान अदालत ने FSSAI के उस प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए थे, जिसमें कंपनियों को स्वैच्छिक रूप से नियमों का पालन करने के लिए 365 दिन का समय देने और नए सिरे से विचार-विमर्श करने की बात कही गई थी।

FSSAI को चार महीने में तैयार करने होंगे ड्राफ्ट नियम

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में FSSAI को चार महीने के भीतर नए नियमों का मसौदा तैयार करने का निर्देश दिया है। पीठ ने साफ किया कि इस प्रक्रिया में किसी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही प्राधिकरण को 10 सप्ताह बाद अदालत में प्रगति रिपोर्ट भी सौंपनी होगी। इससे नियम बनाने की दिशा में हुई कार्रवाई की समीक्षा की जा सकेगी।

स्कूलों में पोषण शिक्षा पर भी जोर

अदालत ने कहा कि केवल खाद्य पैकेट पर चेतावनी लगाने से लोगों की खानपान संबंधी आदतों में बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए बच्चों को कम उम्र से ही पोषण और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना जरूरी है। आदेश के तहत स्कूलों में न्यूट्रिशनल लिटरेसी यानी पोषण संबंधी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पाठ्यक्रम में बदलाव और विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया गया है।

अदालत का मानना है कि बच्चों में बचपन से ही सही खानपान की समझ विकसित करने से जंक फूड के नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ी बेहतर खाद्य विकल्प चुन सकेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.