दादरी सीट पर सपा-कांग्रेस में घमासान! BJP के दो नेताओं पर कांग्रेस की नजर, टिकट के लिए ये नाम चर्चा में

0 22

नोएडा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान भी सामने आने लगी है। गौतमबुद्ध नगर की तीन विधानसभा सीटों में दादरी को लेकर सबसे ज्यादा जोर-आजमाइश है। सपा इस सीट पर अपना दावा मजबूत मान रही है, जबकि कांग्रेस भी पुराने चुनावी आधार का हवाला देकर इसे अपने खाते में चाहती है। इस बीच कांग्रेस की नजर भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं पर भी है, जिन्हें पार्टी संभावित उम्मीदवार के तौर पर देख रही है।

दादरी को गुर्जरों की राजधानी भी कहा जाता है। सपा ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत इसी सीट से की है। पार्टी की पहली प्राथमिकता दादरी है, जबकि जेवर सीट कांग्रेस को देने के बाद नोएडा और दादरी को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है।

दादरी पर सपा का दावा क्यों मजबूत?

गौतमबुद्ध नगर जिले की किसी भी विधानसभा सीट पर सपा अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने गौतमबुद्ध नगर से साइकिल यात्रा शुरू की थी। इसके बाद प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी। इसी राजनीतिक संयोग को देखते हुए पार्टी ने इस बार भी जिले से चुनावी अभियान शुरू किया है।

29 मार्च को दादरी में पहली पीडीए रैली आयोजित कर सपा ने अपनी चुनावी सक्रियता का संकेत दिया था। दूसरी तरफ कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत दादरी सीट अपने पास होने को आधार बनाकर इस पर दावा कर रही है।

भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं पर कांग्रेस की नजर

कांग्रेस जिले की दो विधानसभा सीटों पर भाजपा नेताओं को उम्मीदवार बनाने की संभावना तलाश रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के दो वरिष्ठ नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं और टिकट मिलने की स्थिति में चुनाव लड़ना चाहते हैं। कांग्रेस भी उन्हें मजबूत प्रत्याशी मान रही है।

सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने के बाद इन नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि पार्टी ने इस संभावित बदलाव की जानकारी सपा हाईकमान को भी दे दी है।

2022 में दादरी सीट का क्या रहा था चुनावी नतीजा?

दादरी विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में भाजपा के तेजपाल सिंह नागर ने 1,38,218 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी 79,850 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।

इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी समीर भाटी को 39,975 वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे। 2012 में प्रदेश में सपा की लहर के बावजूद पार्टी के उम्मीदवार राजकुमार भाटी 23,191 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। उस चुनाव में बसपा के सतवीर सिंह गुर्जर ने जीत हासिल की थी। 2007 में भी सपा उम्मीदवार अशोक कुमार चौहान तीसरे स्थान पर रहे थे।

जेवर और नोएडा सीट पर भी गठबंधन की नजर

गठबंधन की पहली सूची में सपा ने जेवर सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी है। इस सीट पर पिछले दो विधानसभा चुनावों से भाजपा के धीरेन्द्र सिंह विधायक हैं। इससे पहले 2012 में बसपा ने यहां जीत दर्ज की थी और कांग्रेस उम्मीदवार धीरेन्द्र सिंह दूसरे स्थान पर रहे थे।

2017 के चुनाव में भाजपा को 48.71 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन को 6.26 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। 2022 में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़कर 50.53 हो गया था। सपा-आरएलडी गठबंधन को 26.25 प्रतिशत और कांग्रेस को 1.38 प्रतिशत वोट मिले थे। जेवर में सपा और कांग्रेस अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी हैं।

वहीं, नोएडा विधानसभा सीट पर परिसीमन के बाद पहला चुनाव 2012 में हुआ था। उस चुनाव में भाजपा के डॉ. महेश शर्मा ने जीत हासिल की थी। 2014 में विमला बाथम विधायक बनीं, जबकि 2017 और 2022 में पंकज सिंह ने जीत दर्ज की। दोनों चुनावों में सपा दूसरे स्थान पर रही थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.