दिल्ली समेत देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम? IMD ने बताया कहां होगी बारिश, कहां से लौटेगा मानसून

0 31

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है और अगले दो से तीन दिनों में इसके कई और क्षेत्रों से पीछे हटने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अभी भी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में मानसून की विदाई के साथ बारिश में कमी देखने को मिलेगी।

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अक्टूबर को केरल और माहे के साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में इस दौरान काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा लक्षद्वीप में भी बारिश के आसार हैं।

आईएमडी ने 10 और 11 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अनुमान जारी किया है। वहीं, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के चलते अभी भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

इन इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने के संकेत हैं।

इसके प्रभाव से 10 से 15 अक्टूबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 10 और 11 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड में 10 अक्टूबर को तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर आंधी, तूफान और बिजली चमकने की संभावना है।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में हल्की बारिश हो सकती है। 10 से 15 अक्टूबर के बीच ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा 10 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

अगले 3-4 दिनों में कई हिस्सों से विदा होगा मानसून

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे पीछे हटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

राजधानी में सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दोपहर में हवा की रफ्तार बढ़कर 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। शाम और रात के समय पूर्व दिशा से चलने वाली हवाओं की गति घटकर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.