दुनिया के लिए योगी आदित्यनाथ, लेकिन मां की आंखों में आखिरी सांस तक रहे ‘अजय’! संन्यास की खबर सुन फूट-फूटकर रोई थीं सावित्री देवी

0 34

देहरादून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज पूरी दुनिया उनके संन्यासी नाम से जानती है, लेकिन उनकी मां सावित्री देवी के लिए वह हमेशा अजय ही रहे। जिस बेटे को कभी गोद में खिलाया, उंगली पकड़कर चलना सिखाया और जीवन के सपने संजोए, उसी ने महज 22 साल की उम्र में संन्यास की राह चुन ली। बेटे के इस फैसले ने मां को भीतर तक झकझोर दिया था। हालांकि, अजय के प्रति उनका मातृत्व प्रेम कभी कम नहीं हुआ। मां-बेटे के रिश्ते का सबसे भावुक पल 1998 में देखने को मिला, जब सावित्री देवी ने अपने संन्यासी बेटे को पारंपरिक रूप से भिक्षा दी थी।

22 साल की उम्र में अजय ने चुन लिया था संन्यास

वर्ष 1994 में अजय सिंह बिष्ट ने महज 22 साल की उम्र में नाथ संप्रदाय की दीक्षा लेकर संन्यास धारण कर लिया। उन्होंने सिर मुंडवाया, कान छिदवाए और भगवा वस्त्र पहनकर गोरखपुर की राह पकड़ ली। इस फैसले के साथ ही पंचूर गांव का वह घर पीछे छूट गया, जहां उन्होंने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ बचपन बिताया था।

परिवार को उनके संन्यास लेने की जानकारी कई महीने बाद मिली। जब मां सावित्री देवी को पता चला कि उनका बेटा अब संन्यासी बन गया है तो वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं। जिस बेटे को लेकर उन्होंने भविष्य के कई सपने देखे थे, उसने सांसारिक जीवन से अलग रास्ता चुन लिया था।

बेटे को देखने गोरखपुर पहुंची थीं मां

अजय के संन्यास लेने की खबर परिवार के लिए भी आसान नहीं थी। पिता आनंद सिंह बिष्ट के लिए भी मां को यह बात बताना बेहद पीड़ादायक था। बेटे के संन्यासी बनने की जानकारी मिलने के बाद सावित्री देवी उससे मिलने गोरखपुर पहुंचीं।

पिता आनंद सिंह बिष्ट ने परिवार को अजय की इच्छा का सम्मान करने की सलाह दी थी। वहीं, महंत अवैद्यनाथ ने भी परिवार को समझाते हुए सांत्वना दी थी। उन्होंने कहा था कि उनके कई बेटों में से केवल एक ने संन्यास का रास्ता चुना है।

जिस बेटे को गोद में खिलाया, उसी को देनी पड़ी भिक्षा

वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ संन्यासी जीवन की अंतिम पारंपरिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहली बार अपने घर लौटे। इस दौरान एक ऐसा भावुक पल आया, जिसे परिवार आज भी याद करता है। जिस मां ने बचपन में अपने हाथों से बेटे को खाना खिलाया था, वही अब उसके सामने भिक्षा देने के लिए खड़ी थीं।

सावित्री देवी ने अपने बेटे को फल, चावल और रुपये भिक्षा में दिए। यह दृश्य पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक करने वाला था। योगी आदित्यनाथ की बहन शशि सिंह के मुताबिक, उस समय परिवार के सभी लोग रो पड़े थे। महाराज जी की आंखें भी नम हो गई थीं।

बेटी की विदाई जैसा था मां के लिए वह पल

बहन शशि सिंह ने बताया था कि भिक्षा देने के दौरान पूरा परिवार भावुक हो गया था। योगी आदित्यनाथ ने भी उस पल को महसूस किया। उन्होंने उस स्थिति की तुलना बेटी की विदाई से की थी। यह वह क्षण था, जब मां की ममता और बेटे के संन्यासी जीवन के बीच भावनाओं का गहरा संघर्ष दिखाई दिया।

दुनिया के लिए अजय सिंह बिष्ट अब योगी आदित्यनाथ बन चुके थे, लेकिन मां सावित्री देवी के दिल में उनके बचपन का नाम और उससे जुड़ी यादें हमेशा जीवित रहीं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.