नवरात्र से पहले यूपी की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, सीएम योगी आज करेंगे समीक्षा; बारिश-बाढ़ से टूटी सड़कों की होगी मरम्मत
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हाल की बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान वह क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए की गई तैयारियों की जानकारी लेंगे और काम को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
बारिश और जलभराव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें खराब हो गई हैं। जगह-जगह गड्ढे बनने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ प्रभावित जिलों में कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।
राम वन गमन मार्ग की दरारों पर भी हो सकती है चर्चा
समीक्षा बैठक में चित्रकूट जिले के राम वन गमन मार्ग में आई दरारों को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली जा सकती है। मुख्यमंत्री बारिश और बाढ़ के कारण सड़कों को हुए नुकसान तथा उनकी मरम्मत की तैयारियों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभागों की ओर से सड़कों के गड्ढे भरने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। प्रदेश में अकेले लोक निर्माण विभाग के अधीन सड़कों की कुल लंबाई 2.67 लाख किलोमीटर है।
इन विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के अलावा यूपीडा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर विकास, सिंचाई, गन्ना और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में अलग-अलग विभागों के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति और मरम्मत की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। बारिश का दौर समाप्त होने के बाद हर वर्ष की तरह इस बार भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और उनके नवीनीकरण का अभियान तेज किया जाएगा।
नवरात्र से पहले पूरा होगा गड्ढामुक्त सड़क अभियान
सरकार की तैयारी प्रदेश की सड़कों को नवरात्र से पहले गड्ढामुक्त करने की है। इसके लिए क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर मरम्मत और नवीनीकरण का काम तेजी से कराया जाएगा।
बारिश और बाढ़ से प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा, ताकि त्योहारों से पहले लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।