नागपुर में कांग्रेस पार्षद के घर पर देर रात फायरिंग, बाल-बाल बचा परिवार; CCTV में कैद हुए बाइक सवार हमलावर

0 28

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर मंगलवार देर रात फायरिंग से सनसनी फैल गई। वाठोडा इलाके में रात करीब 12:30 बजे बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने पार्षद के घर पर गोली चलाई। गोली लगने से घर का शीशा टूट गया और नुकसान हुआ, लेकिन गनीमत रही कि पार्षद और उनके परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

चलती बाइक से एक हमलावर ने चलाई गोली

सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक सवार नजर आ रहे हैं। फुटेज के मुताबिक, दोनों हमलावर बाइक से तेज रफ्तार में आए और उनमें से एक ने चलती बाइक से पार्षद के घर की ओर गोली चलाई। फायरिंग के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

गोली लगने से टूटा घर का शीशा

फायरिंग के दौरान गोली घर के शीशे में लगी, जिससे वह टूट गया। घटना के समय कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे और उनका परिवार घर में मौजूद था। पार्षद ने बताया कि गोलीबारी के वक्त वह बालकनी में थे और उनकी पांच साल की बेटी दरवाजे पर खड़ी थी। उन्होंने कहा कि सौभाग्य से किसी को चोट नहीं लगी।

विधायक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

फायरिंग की सूचना मिलते ही विधायक विकास ठाकरे के साथ एसीपी, डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों हमलावरों की पहचान और तलाश में जुटी है।

फायरिंग के बाद इलाके में हड़कंप

पार्षद के घर पर हुई फायरिंग के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावरों ने किस वजह से घर को निशाना बनाया। फिलहाल आरोपियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.