नोएडा के सेक्टर-63 में गारमेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हादसा; लाखों का माल जलने का अनुमान
नोएडा: सेक्टर-63 के एफ ब्लॉक स्थित जय साई फैशन नाम की गारमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे आग लग गई। तीसरे तल से धुआं उठता देखकर गार्ड ने तुरंत फैक्ट्री प्रबंधन और अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
रूई और कपड़े के कारण तेजी से भड़की आग
फैक्ट्री में रूई, कपड़ा और धागा समेत अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को आगे फैलने से रोका। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फैक्ट्री में किसी व्यक्ति के फंसे होने की भी जानकारी नहीं है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। कंपनी प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। आग की चपेट में आने से लाखों रुपये कीमत के कच्चे और तैयार माल के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।