पत्नी को युवक से बात करते देख भड़का पति, चौराहे पर दोनों पर बरसाईं गोलियां; दो रिवॉल्वर लेकर पहुंचा था
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। थाना उत्तर क्षेत्र में पत्नी को एक युवक के साथ बात करते देख पति ने आपा खो दिया और बीच चौराहे पर दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी ने दो रिवॉल्वर से युवक को दो और पत्नी को पांच गोलियां मारीं। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद रिवॉल्वर मौके पर छोड़कर भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
युवक से बात करते देख भड़का पति
पुलिस के मुताबिक, नारखी के जाटऊ निवासी सनी थाना उत्तर क्षेत्र में गौरीशंकर इंटर कॉलेज के पीछे द्वारिकापुरी में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। उसका डीएवी इंटर कॉलेज के पास इंटरनेट कैफे है। मंगलवार शाम करीब आठ बजे रिषभ की पत्नी शिप्रा उससे बात करने पहुंची थी। शिप्रा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और पिछले तीन साल से पति के साथ उसका विवाद चल रहा था।
बताया गया कि सनी और शिप्रा दुकान के अंदर बातचीत कर रहे थे। रात करीब नौ बजे रिषभ वहां पहुंच गया। उसने दोनों से कहासुनी शुरू कर दी और उनके बीच प्रेम संबंध होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगा। विवाद बढ़ने पर रिषभ ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर सनी पर फायरिंग कर दी। सनी के पेट और सीने में दो गोलियां लगीं और वह जमीन पर गिर गया।
पहले युवक को गोली मारी, फिर पत्नी पर किया हमला
सनी के गोली लगने के बाद शिप्रा चीखने लगी। इसके बाद रिषभ ने दूसरी रिवॉल्वर निकाली और पत्नी पर भी फायरिंग शुरू कर दी। शिप्रा के बाजू में एक गोली लगी, जबकि दूसरी पेट और सीने के पास लगी। इसके बाद दो और गोलियां पेट और हाथ में मारी गईं। कुल पांच गोलियां लगने से शिप्रा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई।
फायरिंग के बाद रिवॉल्वर छोड़कर भागने लगा आरोपी
चौराहे पर लगातार गोलियां चलने से अफरातफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख रिषभ दोनों रिवॉल्वर वहीं छोड़कर भागने लगा। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया।
गोली लगने से घायल सनी और शिप्रा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया।
शादी के बाद से ही चल रहा था पति-पत्नी में विवाद
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि शिप्रा और उसके पति रिषभ के बीच शादी के बाद से विवाद चलने की बात सामने आई है। एसएसपी आदित्य लांग्हे के मुताबिक, पुलिस को युवक और युवती को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। कोटलाचुंगी पर रिषभ ने अपनी पत्नी शिप्रा और उसके पुरुष मित्र पर फायरिंग की थी। दोनों को गोलियां लगी हैं और आरोपी को लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पत्नी ने लगाए मारपीट और शक के आरोप
शिप्रा का कहना है कि शादी के करीब 10 साल से उसका पति उसके साथ मारपीट करता रहा है। उसने पति पर शक करने और तलाक के लिए बार-बार दबाव डालने का भी आरोप लगाया। विवाद को खत्म कराने के लिए कई बार मायके वालों को बुलाकर थाना उत्तर में पंचायत हुई और ससुराल में भी बातचीत कराई गई, लेकिन दोनों के बीच सुलह नहीं हो सकी। शिप्रा के मुताबिक, वह इस विवाद से परेशान होकर कई बार लोगों से पति को समझाने के लिए कह चुकी थी।