फ्लोरिडा: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसे ने लोगों को दहला दिया। नौ लोगों को लेकर बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट व्यस्त सड़क के पास अचानक आसमान से तेजी से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही आग के विशाल गोले में बदल गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना का खौफनाक दृश्य वहां से गुजर रहे वाहन चालकों के कैमरों में कैद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान को नीचे गिरते देखकर ऐसा लगा, जैसे कोई मिसाइल जमीन पर आ गिरी हो।
बहामास जा रहा था विमान, सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ लियरजेट 60 विमान पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान में कुल नौ लोग सवार थे और सभी की जान चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास आग की लपटें फैल गईं। आसमान में घना काला धुआं छा गया। राहत की बात यह रही कि विमान आसपास के घरों या सड़क से गुजर रहे वाहनों से नहीं टकराया।
खराब मौसम और विमान पर जम रही थी बर्फ
हादसे से पहले विमान के पायलट और हवाई यातायात नियंत्रण के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इसमें पायलट ने मौसम खराब होने, विमान में तेज झटके महसूस होने और उसके बाहरी हिस्से पर बर्फ जमने की जानकारी दी थी। शुरुआत में पायलट ने बताया कि विमान पर हल्की और पारदर्शी बर्फ जम रही है, जिसे नियंत्रित किया जा सकता है। हालांकि, कुछ देर बाद मौसम की स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद पायलट ने करीब 2,000 फीट की ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी।
‘हम तेजी से नीचे गिर रहे हैं’, पायलट ने भेजा आपातकालीन संदेश
स्थिति लगातार गंभीर होने पर पायलट ने आपातकालीन संदेश जारी किया। रेडियो बातचीत में उसने बताया कि विमान करीब 8,000 फीट नीचे जा रहा है और उसकी गिरने की गति 10,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई है। पायलट ने कई बार ‘मेडे’ कहकर मदद मांगी।
इसके कुछ ही समय बाद पायलट ने बताया कि विमान की गति नियंत्रण से बाहर हो रही है और वह करीब 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहा है। अंत में उसने कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है। इसके बाद विमान का संपर्क टूट गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
35 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया विमान
हवाई यातायात नियंत्रण की रिकॉर्डिंग और विमान की उड़ान से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, लियरजेट 60 करीब 35,000 फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में उड़ रहा था। इसी दौरान उसे खराब मौसम, तेज झटकों और बर्फ जमने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। उसकी नीचे आने की रफ्तार बढ़कर 30,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी।
600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने हादसे को बेहद विनाशकारी बताया। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना के बाद सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बन गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की तत्काल खबर नहीं थी।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने घटनास्थल के पास स्थित मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। हादसे के बाद संबंधित सड़क को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया।
ऑस्टिन से बहामास जा रहा था विमान, हादसे की जांच जारी
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसका गंतव्य बहामास था। फिलहाल विमान में सवार नौ लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। दुर्घटना के सटीक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। मौसम विभाग के अनुसार, हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी और सोमवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी जारी थी।