ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम एलपीजी सिलेंडर फटने से पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार की महिला और दो साल का मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक सिलेंडर के टुकड़े जा गिरे और कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गैस रिसाव के बाद हुआ जोरदार धमाका
पुलिस के मुताबिक, दयानतपुर गांव निवासी किसान वीरपाल अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे उनके घर में रखे एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा।
कुछ ही देर बाद सिलेंडर में आग लग गई और अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे की चपेट में पूरा परिवार आ गया। इस घटना में 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद गांव में मची चीख-पुकार
सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर आग फैल चुकी थी और परिवार के लोग उसकी चपेट में थे। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मोटर चलाकर पाइप की मदद से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पिता-पुत्र की जान जा चुकी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
बेटी की शादी की तैयारियां मातम में बदलीं
ग्रामीणों ने बताया कि वीरपाल के घर में कुछ दिन बाद खुशियों का माहौल बनने वाला था। उनकी बेटी की शादी 2 दिसंबर को तय थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था।
लेकिन शादी से महज 10 दिन पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पिता और भाई को खोने वाली बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। आग की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हुई है, जबकि महिला और उसका बच्चा घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।