यूपी MLC चुनाव: आगरा के 3 बूथों पर दोबारा मतदान, सुबह 9 बजे तक सिर्फ 6% वोटिंग

0 25

आगरा: उत्तर प्रदेश में आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान शुरू हो गया। फतेहाबाद, खेरागढ़ और सैंया के इन बूथों पर सुबह 9 बजे तक 6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इससे पहले हुए मतदान के दौरान गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगने के बाद निर्वाचन आयोग ने इन केंद्रों का मतदान शून्य घोषित कर दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया था।

इस चुनाव में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

तीन बूथों पर क्यों कराया जा रहा पुनर्मतदान?

आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था। इस दौरान समाजवादी पार्टी के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने तीन बूथों पर बूथ कैप्चरिंग और मतदान में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने कमिश्नरी पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी और कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य भी उपलब्ध कराए थे।

शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने मामले पर कार्रवाई करते हुए तीन मतदान केंद्रों पर हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया। इसके बाद सोमवार को दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया।

इन तीन मतदान केंद्रों पर हो रही वोटिंग

पुनर्मतदान के लिए जिन केंद्रों को चुना गया है, उनमें खेरागढ़ तहसील का बूथ नंबर 20, सैंया स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय का बूथ नंबर 21 और फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय का बूथ नंबर 26 शामिल हैं।

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप के मुताबिक, तीनों केंद्रों पर सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

मंगलवार को होगी मतगणना

पुनर्मतदान पूरा होने के बाद मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में व्यवस्था की गई है। चुनाव परिणाम पर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.