यूपी-MP में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसे, 5 की मौत; कई यात्री घायल, सड़क पर लगा जाम

0 22

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। हैदरगढ़ के सुबेहा थाना क्षेत्र में गेरांवा गांव के पास करीब सुबह 5 बजे ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक, क्लीनर समेत कई यात्री घायल हो गए।

बिहार जा रही बस को पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, बस करीब 80 यात्रियों को लेकर दिल्ली से बिहार जा रही थी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 52.7 किलोमीटर पर हादसे के वक्त बस को रोककर दोनों चालक पहियों की हवा चेक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर के साथ बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही सुबेहा थाना पुलिस, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की राहत टीम और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इससे कुछ महीने पहले भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी।

धार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला

मध्य प्रदेश के धार जिले में भी शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बदनावर के महू-नीमच फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल बताई जा रही है।

घायल बच्ची को बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन जाम कर दिया।

करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। इसके कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.