यूपी चुनाव से पहले ओवैसी-चंद्रशेखर का बड़ा दांव! आज होगा नए गठबंधन का ऐलान, सपा-बसपा की बढ़ेगी मुश्किल या BJP को मिलेगा फायदा?

0 22

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में एक नए गठबंधन की एंट्री होने जा रही है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) गुरुवार को अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करने जा रही हैं। इस नए सियासी गठजोड़ को प्रदेश में तीसरे मोर्चे के रूप में देखा जा रहा है। दोनों दलों की नजर दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। ऐसे में इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। वहीं, इसका असर कांग्रेस और भाजपा के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ने की संभावना है।

दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर दोनों दलों की नजर

ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने के पीछे सबसे बड़ी रणनीति दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की मानी जा रही है। इन दोनों वर्गों के वोट परंपरागत रूप से सपा, बसपा और कांग्रेस के चुनावी समीकरणों का अहम हिस्सा रहे हैं। ऐसे में नया मोर्चा अगर इन मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाने में सफल होता है तो प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर मुकाबले का गणित बदल सकता है।

राजनीतिक नजरिए से इस गठबंधन का असर दो दर्जन से अधिक सीटों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। खासतौर पर उन क्षेत्रों में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में है।

ओवैसी की मुस्लिम बहुल सीटों पर खास तैयारी

AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी की नजर उन विधानसभा क्षेत्रों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसी रणनीति के तहत ओवैसी ने प्रदेश के दौरे तेज किए हैं। पार्टी बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर चुकी है।

पिछली चुनावी सभाओं में ओवैसी के निशाने पर मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी रही है। ऐसे में नए गठबंधन की रणनीति सपा के लिए चुनौती बन सकती है। हालांकि, यदि यह मोर्चा मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी जगह बनाने में सफल होता है तो भाजपा को भी इसका चुनावी लाभ मिल सकता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन कैसा रहा?

पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़े देखें तो दोनों पार्टियों का प्रदर्शन सीमित रहा था। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। पार्टी को कुल औसतन 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे।

वहीं, आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 0.13 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। हालांकि, निकाय चुनाव में AIMIM ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पांच नगर पालिका अध्यक्षों के साथ 83 सभासद और पार्षद जिताने में कामयाबी हासिल की थी। अब गठबंधन के जरिए दोनों दल अपने अलग-अलग जनाधार को एक साथ लाने की कोशिश करेंगे।

इन विधानसभा सीटों पर गठबंधन की नजर

नए मोर्चे की रणनीति में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक की कई सीटें शामिल हैं। AIMIM और आजाद समाज पार्टी का विशेष फोकस कुंदरकी, संभल, असमोली, बिलारी, रामपुर, मेरठ, नगीना और कानपुर कैंट जैसी सीटों पर बताया जा रहा है।

इसके अलावा आजमगढ़ की मेहनगर, जौनपुर की मछलीशहर और शाहगंज, बहराइच तथा श्रावस्ती में भी दोनों दल अपनी चुनावी संभावनाएं तलाश रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषण के मुताबिक, AIMIM मुस्लिम बहुल सीटों पर सपा के वोट बैंक को प्रभावित कर सकती है, जबकि आजाद समाज पार्टी की मौजूदगी बसपा के परंपरागत दलित वोटों में सेंध लगा सकती है। कांग्रेस के हिस्से के कुछ दलित मतदाताओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।

कुंदरकी विधानसभा सीट का पिछला चुनाव इसका एक उदाहरण है। यहां AIMIM उम्मीदवार मोहम्मद वारिस को 14,251 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को 1,25,792 वोट हासिल हुए थे। इस सीट पर सपा ने जीत दर्ज की थी और भाजपा दूसरे स्थान पर रही थी। नए गठबंधन के बाद इस तरह की सीटों पर मुकाबले का समीकरण बदल सकता है।

लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस, सीट बंटवारे पर बाद में फैसला

ओवैसी और चंद्रशेखर बुधवार देर शाम लखनऊ पहुंच गए थे। गुरुवार दोपहर दोनों नेता राजधानी के एक होटल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। चंद्रशेखर के लखनऊ पहुंचने पर AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे।

फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी घोषणापत्र जैसे मुद्दों पर अंतिम फैसला बाद में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, गठबंधन की घोषणा से पहले ही प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

छोटे क्षेत्रीय दलों के चुनावी गणित पर भी नजर

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन का असर केवल सपा, बसपा और कांग्रेस तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। प्रदेश में सक्रिय छोटे क्षेत्रीय दलों के लिए भी यह नया मोर्चा चुनौती बन सकता है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, निषाद पार्टी और अपना दल जैसे दलों की नजर भी इस नए राजनीतिक समीकरण पर रहेगी।

AIMIM की मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सक्रियता और आजाद समाज पार्टी की दलित बहुल सीटों पर पकड़ बनाने की कोशिश कई निर्वाचन क्षेत्रों में वोटों के बंटवारे की स्थिति पैदा कर सकती है। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का कहना है कि गुरुवार को तीसरे मोर्चे का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में दोनों दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और यह गठबंधन दलितों, अल्पसंख्यकों, गरीबों तथा वंचितों की आवाज को मजबूती देगा।

सपा सांसद रुचि वीरा ने गठबंधन को बताया वोटकटवा

दूसरी ओर, ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन की खबर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। सपा सांसद रुचि वीरा ने इस गठबंधन को वोटकटवा करार दिया है। उनका आरोप है कि दोनों दल उन विधानसभा क्षेत्रों में अधिक सक्रियता दिखा रहे हैं, जहां समाजवादी पार्टी का प्रभाव है और मुस्लिम विधायक हैं।

रुचि वीरा ने सवाल उठाया कि इस गठबंधन के जरिए आखिर किसे फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा।

भाजपा पर सवाल क्यों नहीं उठाते ओवैसी और चंद्रशेखर?

सपा सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टियां लगातार समाजवादी पार्टी को निशाना बनाती हैं, लेकिन भाजपा सरकार की कार्यशैली पर उसी तरह सवाल नहीं उठातीं। उन्होंने कहा कि दोनों दल उन्हीं क्षेत्रों में रैलियां कर रहे हैं, जहां सपा का राजनीतिक प्रभाव है और मुस्लिम विधायक चुनाव जीतकर आए हैं।

रुचि वीरा के मुताबिक, मतदाता इन राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी समीकरणों को समझ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपना वोट खराब नहीं करेगी। अब देखना होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर का यह नया गठबंधन प्रदेश में तीसरे मोर्चे के रूप में कितनी ताकत जुटा पाता है और इसका सबसे ज्यादा असर किस राजनीतिक दल पर पड़ता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.