लखनऊ डबल मर्डर का बड़ा खुलासा, 60-70 लाख रुपये के लालच में पवन गर्ग और सचिन की हत्या; मास्टरमाइंड नितिन समेत 5 गिरफ्तार

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केजीएमयू के आर्थोपेडिक विभाग में असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट पवन गर्ग और उनके साथी सचिन विश्वकर्मा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना मड़ियांव और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने डबल मर्डर में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा उर्फ डब्लू के अलावा अवनीश मौर्य, प्रकाश सिंह, सूरज सिंह और मोहित सिंह शामिल हैं।

पवन के पास 60 से 70 लाख रुपये होने की थी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, पवन गर्ग जमीन खरीदने की तैयारी में थे और इसके लिए उनके पास 60 से 70 लाख रुपये के निवेश की बात थी। मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा पवन का परिचित था। पवन ने नितिन से जमीन खरीदने और इतनी रकम निवेश करने की बात साझा की थी।

इसी जानकारी के बाद नितिन मिश्रा ने पवन से फिरौती वसूलने की योजना बनाई। इसके लिए उसने पवन को जमीन दिखाने के बहाने इटौंजा बुलाया।

ब्रेजा कार से सचिन के साथ पहुंचे थे पवन

योजना के मुताबिक पवन गर्ग अपने साथी सचिन विश्वकर्मा के साथ ब्रेजा कार से इटौंजा पहुंचे। वहां नितिन मिश्रा दो थार और एक अन्य कार से पहुंचा था। इसके बाद सभी लोग फौजी ढाबे पर गए, जहां रात में शराब पी और खाना खाया।

इसके बाद आरोपियों ने दोनों को इटौंजा में निर्माणाधीन मकान में पहुंचाया और वहां बंधक बना लिया। आरोपियों ने पवन और सचिन के साथ मारपीट की और फिरौती की रकम देने के लिए दबाव बनाया।

रातभर पिटाई के बाद भी नहीं दी रकम

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रातभर पवन गर्ग की पिटाई की और उससे पैसे मांगे, लेकिन पवन ने रकम नहीं दी। पैसे नहीं मिलने से आरोपी नाराज हो गए।

इसके बाद सुबह आरोपियों ने पवन और सचिन की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों के पास मौजूद सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली।

शव कार में रखकर घाघरा नदी में फेंके

हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को गाड़ी में रखा और सीतापुर की घाघरा नदी में फेंक दिया। लखनऊ और सीतापुर पुलिस दोनों शवों की नदी में तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक पवन गर्ग और सचिन विश्वकर्मा के शव बरामद नहीं हुए हैं।

लूटी गई चेन-अंगूठी और पवन की ब्रेजा कार बरामद

पवन गर्ग के परिजनों ने 27 सितंबर को मड़ियांव थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची और पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पवन की लूटी गई सोने की चेन और अंगूठी बरामद कर ली है। इसके अलावा पवन की ब्रेजा कार भी सीतापुर से बरामद की गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.