वॉशिंगटन एयरपोर्ट पर टकराए अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमान, उड़ान से पहले विंग्स भिड़े; सभी यात्री सुरक्षित

0 25

वॉशिंगटन: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहे अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। घटना के बाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने घटना की जांच करने की बात कही है। एजेंसी के बयान के अनुसार, अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 638 और फ्लाइट 2152 के पंख आपस में टकरा गए थे।

जांच के लिए दोनों विमानों को सेवा से हटाया गया

रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट 2152 को शिकागो के ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना होना था, जबकि फ्लाइट 638 डलास-फोर्ट वर्थ जा रही थी। टक्कर के बाद दोनों विमानों को वापस गेट पर लाया गया। एयरलाइन ने विमानों को तकनीकी जांच के लिए सेवा से हटाने की जानकारी दी है।

अमेरिकन एयरलाइंस के मुताबिक, दोनों विमान बोइंग 737-800 थे और उनके पंखों के सिरे आपस में टकराए। घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और उनकी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

टक्कर के बाद यात्रियों में मची घबराहट

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग में विमानों के पंख टकराने की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन और दमकल कर्मियों को मौके पर भेजने की बात सुनाई देती है। इसके बाद दोनों विमानों को वापस गेट पर लौटने के निर्देश दिए गए।

बीबीसी के मुताबिक, फ्लाइट 2152 में सवार एक यात्री ने बताया कि विमान उड़ान से पहले आगे बढ़ रहा था, तभी विमान के दाहिने हिस्से में जोरदार झटका महसूस हुआ। टक्कर के दौरान विमान काफी हिल गया और केबिन में बैठे यात्री घबराकर चीखने लगे।

यात्री ने बताया कि जब उन्होंने खिड़की से बाहर देखा तो जमीन पर विमान का एक हिस्सा पड़ा दिखाई दिया, जो पंख का सिरा लग रहा था। उन्होंने यह भी देखा कि दूसरे विमान का पंख उनके विमान के पंख के ऊपर था। विमान के वापस गेट की ओर लौटने के दौरान उन्होंने एक ट्रक को जमीन पर पड़े टुकड़े को उठाते हुए भी देखा।

पहले भी बड़े हादसे का गवाह रहा है एयरपोर्ट

यात्री ने इस घटना को बेहद डरावना बताते हुए कहा कि इस एयरपोर्ट पर पहले भी हादसा हो चुका है, जिससे चिंता और बढ़ जाती है।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में इसी एयरपोर्ट के पास एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के बीच भीषण टक्कर हुई थी। उस हादसे में 67 लोगों की मौत हो गई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.