सऊदी अरब की जजान रिफायनरी पर हूती विद्रोहियों का हमला, लगी आग; तेल संयंत्र में काम बंद

0 29

रियाद: यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को सऊदी अरब के जजान शहर में स्थित तेल रिफायनरी को निशाना बनाया। हमले के बाद संयंत्र में आग लग गई और वहां कामकाज रोक दिया गया। सऊदी अरब ने भी हमले की पुष्टि की है। इस रिफायनरी में प्रतिदिन चार लाख बैरल कच्चे तेल का शोधन करने की क्षमता है।

इससे पहले बुधवार को हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी रास तानुरा रिफायनरी पर भी हमला किया था, जिससे वहां भारी नुकसान होने की खबर सामने आई थी। लगातार हो रहे हमलों ने क्षेत्र में तेल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

हमले के बाद हूती के मिसाइल ठिकाने पर जवाबी कार्रवाई

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बताया कि जजान रिफायनरी पर हमले के बाद हूती विद्रोहियों के बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर ठिकाने को निशाना बनाकर हवाई कार्रवाई की गई। गठबंधन के मुताबिक, यह ठिकाना यमन के हूती नियंत्रण वाले बंदरगाह शहर होदेदा में स्थित था और उसे नष्ट कर दिया गया।

गठबंधन ने हूती नियंत्रित क्षेत्रों में अन्य ठिकानों पर भी हवाई हमले किए। वहीं, हूती विद्रोहियों ने बुधवार को रास तानुरा रिफायनरी के अलावा जेद्दा और जजान के बंदरगाहों को भी निशाना बनाने का दावा किया था।

जुलाई से बढ़ रही है हूती और सऊदी अरब के बीच तनातनी

हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव जुलाई से बढ़ना शुरू हुआ था। इसी दौरान हूती ने लाल सागर से सऊदी जहाजों के गुजरने पर रोक लगाने की घोषणा की और यमन की सऊदी समर्थित सरकारी सेना के साथ उसकी झड़पें शुरू हो गईं।

इसके कुछ दिनों बाद यमन में संघर्ष तेज हो गया। सितंबर के पहले सप्ताह से सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच भी सीधे टकराव की स्थिति बनने लगी। दोनों पक्ष एक-दूसरे के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहे हैं और यह संघर्ष अब भी जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.