कर्नाटक में ED का बड़ा एक्शन, मंत्री सतीश जारकीहोली और सांसद बेटी प्रियंका के घर छापा; 18 ठिकानों पर तलाशी

0 30

बेंगलुरु: प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में बुधवार को कर्नाटक में बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने राज्य के मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली समेत 18 ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। प्रियंका जारकीहोली चिक्कोडी से सांसद हैं। मंत्री की बेटी के अलावा उनके बहनोई वाई. मंजूनाथ से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है। इसका मंजूनाथ के खिलाफ चल रहे आबकारी मामले से कोई संबंध नहीं है। ईडी मुख्यालय ने भी स्पष्ट किया है कि सतीश जारकीहोली और प्रियंका जारकीहोली के परिसरों पर हुई तलाशी नए मामले से जुड़ी है।

मंत्री के बहनोई के घर भी पहुंची ईडी की टीम

जिन ठिकानों पर तलाशी चल रही है, उनमें सतीश जारकीहोली के बहनोई वाई. मंजूनाथ का घर भी शामिल है। मंजूनाथ मंत्री की छोटी बहन महादेवी के पति हैं। वह मूल रूप से बल्लारी जिले के हरपनहल्ली के रहने वाले हैं और फिलहाल बेलगावी संभाग में आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।

जून में भी मंजूनाथ से जुड़े ठिकानों पर हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 24 जून को ईडी ने बेलगावी, बेंगलुरु और मैसूर में मंजूनाथ से जुड़े कई ठिकानों और उनके आवास पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने 13.3 करोड़ रुपये की ऐसी संपत्ति का पता लगाने का दावा किया था, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से काफी अधिक थी।

तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए थे। इनमें एक डायरी भी शामिल थी।

छापे पर सतीश जारकीहोली ने नहीं की थी टिप्पणी

जून में हुई ईडी की कार्रवाई के बाद सतीश जारकीहोली ने छापेमारी को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह अपने बहनोई के खिलाफ चल रही जांच के नतीजे का इंतजार करेंगे।

फिलहाल नए मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की 18 ठिकानों पर तलाशी जारी है। जांच एजेंसी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित बरामदगी की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.