दिल्ली पहुंचते ही CJP संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में, एयरपोर्ट पर पुलिस ने आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी रोका

0 29

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि मुंबई से दिल्ली आई फ्लाइट के आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड करते ही पुलिस की टीम विमान के अंदर पहुंची और अभिजीत दिपके के साथ उनके सहयोगियों आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी डिटेन कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी विमान के अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने तीनों से सहयोग करने की अपील की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्हें विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में बिना अनुमति के प्रदर्शन के लिए जाने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

अभिजीत दिपके बोले- मुझे गिरफ्तार कर लीजिए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पुलिस टीम विमान के अंदर पहुंची तो अभिजीत दिपके ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह यहां गिरफ्तार होने आए हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

इस पर दिल्ली पुलिस के जवानों ने कहा कि यह गिरफ्तारी नहीं है, बल्कि उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है और उन्होंने सहयोग करने को कहा।

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक दिल्ली में 1500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

दिल्ली की सीमाएं सील, कई जगहों पर पुलिस तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।

बताया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पैरामिलिट्री की 221 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकासी को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। कई ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.