दिवाली से पहले गोरखपुर को सीएम योगी की सौगात, 59.44 करोड़ से बने चौरी चौरा ओवरब्रिज का 1 नवंबर को होगा लोकार्पण

0 27

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 नवंबर को गोरखपुर के चौरी चौरा में नवनिर्मित ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान चौरी चौरा स्थित बलिदानी स्मारक पर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और वहां आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे चौरी चौरा पहुंचेंगे और लगभग एक घंटे तक क्षेत्र में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन, सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग और नगर पंचायत ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

भोपा बाजार के पास ओवरब्रिज का होगा उद्घाटन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर फुटहवाइनार क्षेत्र में उतरेगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से करीब साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी तय कर भोपा बाजार स्थित चमड़ा मंडी के पास पहुंचेंगे, जहां चौरी चौरा-भोपा बाजार रेल उपरिगामी सेतु का लोकार्पण किया जाएगा।

विधायक इंजीनियर सरवन निषाद के मुताबिक, मुख्यमंत्री के लिए फुटहवाइनार में लवी जायसवाल के गोदाम परिसर में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। पुल के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री बलिदानी स्मारक पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद स्मारक के सामने जनसभा को संबोधित करेंगे।

पहले 22 अक्टूबर को प्रस्तावित था कार्यक्रम

चौरी चौरा ओवरब्रिज का लोकार्पण पहले 22 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन अचानक कार्यक्रम रद्द हो गया था। अब इसके लिए 1 नवंबर की नई तारीख तय की गई है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए संबंधित विभाग निर्माण कार्य से जुड़े इंतजामों के साथ आयोजन स्थल की तैयारियों में जुटे हैं।

नगर पंचायत चौरी चौरा के अध्यक्ष सन्नी जायसवाल ने बताया कि बलिदानी स्मारक की दीवारों की रंगाई-पुताई कराई गई है। परिसर में चौरी चौरा के बलिदानियों के चित्रों के साथ उनके जीवन परिचय और अन्य महापुरुषों के चित्र भी बनवाए गए हैं। इसके अलावा स्मारक परिसर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है।

649 मीटर से ज्यादा लंबा है ओवरब्रिज

चौरी चौरा-भोपा बाजार रेल उपरिगामी सेतु की कुल लंबाई 649.047 मीटर है, जबकि इसकी चौड़ाई 7.50 मीटर रखी गई है। इस परियोजना की लागत 59.44 करोड़ रुपये है। पुल का निर्माण कार्य 21 दिसंबर 2021 को शुरू हुआ था। इसके लोकार्पण के बाद क्षेत्र में रेल मार्ग के आसपास आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.