दीपोत्सव की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, ढाई घंटे रहेंगे रामनगरी में; हनुमानगढ़ी और रामलला के करेंगे दर्शन

0 32

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगरी अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। करीब ढाई घंटे के इस दौरे के दौरान वह दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। अयोध्या में दीपोत्सव का मुख्य आयोजन सात नवंबर को होना है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

दोपहर एक बजे रामकथा पार्क पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है। नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय के अनुसार, योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर दोपहर एक बजे रामकथा पार्क में बने हेलीपैड पर उतरेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। यहां उनका कार्यक्रम दोपहर 1:50 बजे तक प्रस्तावित है। इसके बाद वह रामलला के दर्शन के लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जाएंगे। यहां दर्शन-पूजन का कार्यक्रम दोपहर 2:15 बजे तक निर्धारित है।

दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर करेंगे समीक्षा बैठक

रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे रामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:30 बजे रामकथा पार्क पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए उनका प्रस्थान प्रस्तावित है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग मजिस्ट्रेटों को सौंपी है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थलों, मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।

रामकथा पार्क के हेलीपैड की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार यादव को दी गई है। मुख्यमंत्री की फ्लीट की व्यवस्था डिप्टी कलेक्टर लखनलाल राजपूत संभालेंगे, जबकि सरयू अतिथि गृह की जिम्मेदारी तहसीलदार सदर धर्मेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

मार्ग व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार और तहसीलदार न्यायिक सदर अजय कुमार वर्मा तैनात रहेंगे। रामजन्मभूमि मंदिर परिसर की व्यवस्था एडीएम कानून व्यवस्था इंद्राकांत द्विवेदी और डिप्टी कलेक्टर पूजा वर्मा संभालेंगी। हनुमानगढ़ी मंदिर में डिप्टी कलेक्टर मोहित यादव की ड्यूटी लगाई गई है।

राम की पैड़ी से सरयू आरती स्थल तक अधिकारियों को जिम्मेदारी

राम की पैड़ी पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट और उप जिला मजिस्ट्रेट संतोष कुमार तैनात रहेंगे। वहीं, नयाघाट स्थित सरयू आरती स्थल की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा को दी गई है।

इसके अलावा रामकथा पार्क में उप जिलाधिकारी सदर आनंद कुमार तिवारी, रामजन्मभूमि परिसर के यात्री सुविधा केंद्र पर डिप्टी कलेक्टर संतोष कुमार कुशवाहा और सेफ हाउस की व्यवस्था नायब तहसीलदार सदर उत्पल आनंद संभालेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.