पाकिस्तान में पुलिस टीम पर पहाड़ियों से बरसीं गोलियां, DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत 10 जवानों की मौत; 5 गाड़ियां फूंकीं

0 35

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है। बुधवार को कोहाट और करक जिलों के बीच पहाड़ी इलाके में पुलिस की एक वैन पर घात लगाकर गोलीबारी की गई। इस हमले में एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और एक सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पुलिस टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए जा रही थी, तभी आतंकियों ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जेब के अनुसार, पुलिस दल कोहाट जिले के गुम्बत कोहाट इलाके में अभियान के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान कोहाट और करक जिलों के बीच स्थित दरबोकाच जालंधर बांदा क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने पहाड़ियों के ऊपर से पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। हमले में पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। मृतकों में गुम्बत के DSP हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार शामिल हैं।

पांच पुलिस वाहनों को आग के हवाले किया

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमले के दौरान आतंकियों ने पुलिस की पांच मोबाइल गाड़ियों में भी आग लगा दी। लगातार हो रही गोलीबारी के कारण पुलिस और हमलावरों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस वाहनों को मौके पर भेजा गया और आतंकियों से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के गठजोड़ का परिणाम बताया। गवर्नर ने मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की भी हुई थी हत्या

पाकिस्तान में हाल के दिनों में हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। बीते दिनों रावलपिंडी में महिला टीवी एंकर राबिया अहसान की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुलशनाबाद इलाके में स्थित उनके आवास से पुलिस ने शव बरामद किया था। इस मामले में उनके पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया था।

रावलपिंडी के सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने जांचकर्ताओं को बताया था कि राबिया के पति ने गोली चलने की घटना को हादसा बताया था। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी पड़ताल कर रही है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम ने घर से सबूत जुटाए थे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

गौरतलब है कि राबिया ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर आखिरी वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी को लेकर लोगों को जागरूक किया था। वह एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में एंकर और कार्यक्रम प्रस्तोता थीं। अपने करियर में उन्होंने हम न्यूज, जीटीवी और 92 न्यूज के साथ भी काम किया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.