फीस के 62 हजार रुपये दबा गया प्रोड्यूसर, तो अक्षय कुमार ने उसके घर पहुंचकर उठाया ऐसा कदम; खुद सुनाया 90 के दशक का किस्सा
नई दिल्ली: बॉलीवुड में आज खिलाड़ी कुमार के नाम से मशहूर अक्षय कुमार ने अपने करियर में एक लंबा सफर तय किया है। हालांकि, शुरुआती दिनों में उन्हें भी अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। एक बार एक निर्माता ने उनसे काम तो करवा लिया, लेकिन 62 हजार रुपये की फीस देने में आनाकानी करने लगा। इसके बाद अक्षय खुद निर्माता के घर पहुंच गए और वहां से ऐसी चीज लेकर निकले, जिसे बेचकर उन्होंने अपनी रकम का कुछ हिस्सा वसूल किया। इस दिलचस्प किस्से का खुलासा अभिनेता ने करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण 9’ में किया।
रवि किशन की बात सुनकर अक्षय को याद आया पुराना किस्सा
शो में अक्षय कुमार के साथ अभिनेता रवि किशन भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान दोनों ने अपने शुरुआती संघर्षों और फिल्मी करियर के अनुभव साझा किए। रवि किशन ने बताया कि एक निर्माता ने उनसे काम कराने के बाद फीस देने के बजाय फिल्म से उनका किरदार हटाने की शर्त रख दी थी। ऐसे में उन्हें अपनी मेहनत की कमाई छोड़नी पड़ी।
रवि किशन की यह बात सुनकर अक्षय कुमार को भी अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक वाकया याद आ गया। उन्होंने बताया कि एक निर्माता ने उनके 62 हजार रुपये रोक लिए थे। पैसे वापस लेने के लिए वह सीधे उसके घर पहुंच गए थे।
निर्माता के घर पहुंचे और मांगने लगे अपनी फीस
अक्षय ने बताया कि वह मुंबई के माहिम इलाके में रहने वाले उस निर्माता के घर गए और दरवाजे की घंटी बजाई। निर्माता के बाहर आने पर उन्होंने उससे अपने पैसे मांगे, लेकिन उसने रकम देने से इनकार कर दिया।
अक्षय के मुताबिक, जब निर्माता ने पैसे नहीं दिए तो उन्होंने उसके घर में इधर-उधर नजर दौड़ाई। इसी दौरान उनकी नजर एक टेप रिकॉर्डर पर पड़ी। उन्होंने उसे उठाया और अपने साथ ले जाने लगे। हैरानी की बात यह थी कि निर्माता ने उन्हें रोकने की कोशिश तक नहीं की, बल्कि जाने देने के लिए कह दिया।
टेप रिकॉर्डर बेचकर मिले 32 हजार रुपये
अक्षय कुमार ने बताया कि वह टेप रिकॉर्डर लेकर उसी हीरा-पन्ना शॉपिंग सेंटर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात पहली बार रवि किशन से हुई थी। वहां उन्होंने टेप रिकॉर्डर बेच दिया और इसके बदले उन्हें 32 हजार रुपये मिले।
अभिनेता ने यह भी बताया कि रकम वसूलने के बावजूद निर्माता पर उनके 25 से 30 हजार रुपये अब भी बकाया रह गए थे। इस तरह अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए उन्हें निर्माता के घर से सामान तक उठाना पड़ा।
90 के दशक में 62 हजार रुपये भी थे बड़ी रकम
अक्षय ने बातचीत के दौरान बताया कि 90 के दशक में उनके लिए 62 हजार रुपये बहुत मायने रखते थे। उस समय इसी कमाई से उनका घर चलता था और मेहनत से कमाया गया हर पैसा उनके लिए बेहद अहम था।
अभिनेता ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि उनके लिए 90 का दशक सबसे सुनहरा समय था। उन्होंने आज के दौर से तुलना करते हुए कहा कि अब हर कोई आलोचक बन गया है, जबकि उस समय काम के दौरान इस तरह का दबाव महसूस नहीं होता था।